भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज में टीम मैनेजमेंट लगातार युवा खिलाड़ियों को मौका दे रही है. पहले मैच में हर्ष दुबे और गुरनूर बरार ने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था, वहीं अब दूसरे वनडे में तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को भारत के लिए डेब्यू करने का मौका मिला है. आईपीएल 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियों में आए प्रिंस ने अब राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय कर लिया है. 17 जून को खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में प्रिंस यादव को भारतीय टीम की ओर से पहली बार मैदान पर उतरने का मौका मिला.
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम उन्हें राष्ट्रीय टीम में चयन के रूप में मिला है. भारतीय टीम प्रबंधन इस सीरीज में नए खिलाड़ियों को परखने की रणनीति पर काम कर रहा है और प्रिंस को भी इस सीरीज में मौका दिया गया है. वह विराट कोहली के विकेट के रूप में सुर्खियों में आए. आईपीएल 2026 के दौरान प्रिंस यादव ने अपनी तेज गेंदबाजी से कई बल्लेबाजों को परेशान किया. हालांकि, जिस विकेट ने उन्हें सबसे ज्यादा चर्चा दिलाई, वह विराट कोहली का विकेट था। अपनी तेजी और सटीक लाइन-लेंथ से उन्होंने कोहली को चौंका दिया. उस विकेट के बाद क्रिकेट जगत में उनके नाम की खूब चर्चा हुई और उनकी गिनती भविष्य के तेज गेंदबाजों में होने लगी.
कौन हैं प्रिंस यादव?
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई है. 2025 की आईपीएल नीलामी में लखनऊ सुपर जाइंट्स ने उन्हें 30 लाख रुपये की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया. पहले सीज़न में उन्हें सीमित मौके मिले और उन्होंने 6 मैचों में 3 विकेट लिए. इसके बाद आईपीएल 2026 में उनका प्रदर्शन काफी बेहतर रहा. उन्होंने 14 मैचों में 16 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की. भले ही लखनऊ सुपर जाइंट्स का सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन प्रिंस की गेंदबाजी ने प्रभावित करना जारी रखा।
ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी: पहले थर्ड अंपायर ने बचाया, फिर फील्डर ने जीवनदान दिया, फिर भी वैभव सूर्यवंशी ने इतने ही रन बनाए.
घरेलू क्रिकेट में भी छाप छोड़ी
दिल्ली के रहने वाले प्रिंस यादव घरेलू क्रिकेट में भी लगातार आगे बढ़ रहे हैं. अब तक उन्होंने 2 फर्स्ट क्लास, 14 लिस्ट-ए और 35 टी20 मैच खेले हैं. इन तीनों फॉर्मेट में उन्होंने क्रमश: 1, 29 और 38 विकेट लिए हैं. घरेलू क्रिकेट से लेकर आईपीएल और अब भारतीय टीम तक का सफर तय करने वाले प्रिंस यादव के सामने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने की चुनौती होगी. अफगानिस्तान के खिलाफ ये मौका उनके करियर का सबसे बड़ा मील का पत्थर साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें- IND A vs AFG A: वैभव सूर्यवंशी के कैच पर हंगामा, अंपायर के फैसले से नाराज अफगानिस्तान A टीम





Leave a Reply