News4Life

Life Changing News & Views

वनडे इतिहास में अफगानिस्तान को मिली दूसरी सबसे बड़ी हार, बन गया शर्मनाक रिकॉर्ड!

भारत रनों के लिहाज से अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाला देश बन गया है. भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई एकाना क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को खेला गया दूसरा वनडे मैच टीम इंडिया ने 170 रन से जीत लिया।

अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है, जिसने 2015 में पर्थ में खेला गया मैच 275 रनों से जीता था. तीसरे नंबर पर मौजूद श्रीलंका ने इस टीम को साल 2024 में 155 रन से हराया था। जिम्बाब्वे ने साल 2018 में अफगानिस्तान के खिलाफ 154 रन से जीत हासिल की थी, जबकि स्कॉटलैंड ने साल 2015 में 150 रन से मैच जीता था। इंग्लैंड की टीम साल 2019 में अफगानिस्तान को 150 रन से हरा चुकी है।

लखनऊ में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 49.5 ओवर में 402 रन पर ऑलआउट हो गई. इस टीम ने 9 के स्कोर पर यशस्वी जयसवाल (4) का विकेट खो दिया था। इसके बाद रोहित शर्मा ने कप्तान शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी।

रोहित 39 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद गिल ने इशान किशन के साथ तीसरे विकेट के लिए 140 गेंदों में 224 रन जोड़े। ईशान 79 गेंदों में 7 छक्कों और 14 चौकों की मदद से 125 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गिल ने 110 गेंदों में 2 छक्कों और 22 चौकों की मदद से 154 रन बनाए. मेहमान टीम की ओर से नांगेलिया खरोती ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए. राशिद खान ने 3 विकेट लिए.

जवाब में अफगानी टीम 44.3 ओवर में 232 रन पर ऑलआउट हो गई. इस टीम के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने 41 रन बनाए, जबकि रहमत शाह ने 79 रनों की पारी खेली. इनके अलावा सेदिकुल्लाह अटल ने टीम के खाते में 42 रनों का योगदान दिया. भारत के लिए अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार ने 3-3 विकेट लिए. प्रिंस यादव ने 2 विकेट लिए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *