भारत भूषण तिवारी मुठभेड़ मामले की न्यायिक जांच ने अब औपचारिक रूप से गति पकड़ ली है। घटना के आठ दिन बाद बिहार राज्य विधि आयोग की जांच टीम गुरुवार (25 जून, 2026) को शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव पहुंची. टीम का नेतृत्व पटना उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा कर रहे हैं।
उनके साथ शाहाबाद के डीआइजी सत्य प्रकाश, भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, पुलिस अधीक्षक राज समेत अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे. जांच टीम ने सबसे पहले भरत तिवारी के परिजनों से बातचीत की. परिजनों से लिखित आवेदन देने को कहा गया.
विनोद कुमार सिन्हा ने कहा- निष्पक्ष जांच होगी
सेवानिवृत्त जज विनोद कुमार सिन्हा ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कहा कि जांच के सिलसिले में टीम का यह पहला दौरा है. उन्होंने बताया कि फिलहाल परिजनों से बातचीत की जा रही है और उनसे लिखित आवेदन लिया जायेगा. आवेदन और उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर आगे की जांच की जायेगी. उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और सभी तथ्यों की जांच की जाएगी.
यह भी पढ़ें- भरत तिवारी के घर पहुंचे एसपी, परिवार के सामने पिघल गया दिल! बोले- ‘हम सुनने आए हैं…’
भरत तिवारी की मां आशा देवी ने जांच टीम के सामने अपने बेटे को न्याय दिलाने की मांग दोहरायी. आशा देवी ने मीडिया से कहा, “हमने जज से कहा है कि जिसने भी मेरे बेटे की जान ली है उसे मौत की सजा दी जानी चाहिए. हम सिर्फ न्याय चाहते हैं. हमने अपनी सारी बातें लिखित में देने को भी कहा है.”
उन्होंने यह भी कहा कि जांच टीम ने उनकी बात गंभीरता से सुनी है. भरत तिवारी की मां ने एक बार फिर से सीबीआई जांच की मांग दोहराई है. उनका कहना है कि अगर निष्पक्ष जांच हो तो सच्चाई जरूर सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें अदालत और न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा है और उम्मीद है कि उनके बेटे को न्याय मिलेगा.
गौरतलब है कि भारत भूषण तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद यह मामला पूरे बिहार में चर्चा का विषय बना हुआ है. परिजन लगातार इसे फर्जी मुठभेड़ बता रहे हैं और संबंधित पुलिस अधिकारियों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं. मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है. कई पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है. अब न्यायिक जांच शुरू हो गई है.
यह भी पढ़ें- सरकारी इंजीनियर निकला धनकुबेर, बिहार से दिल्ली तक EOU की छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा






Leave a Reply