सेमीफाइनल में इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन ने रचा इतिहास, बनीं सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली स्पिनर

इंग्लैंड की टीम 2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गई है. सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 40 रनों से हरा दिया. इंग्लैंड पांचवीं बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है. इस मैच में इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने इतिहास रच दिया. वह अब टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली स्पिनर बन गई हैं.

सोफी एक्लेस्टोन ने सेमीफाइनल मैच में क्लो ट्रायॉन को बेहतरीन गेंद से क्लीन बोल्ड कर इतिहास रच दिया. वह अब महिला टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली स्पिनर बन गई हैं. एक्लेस्टोन ने टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 38 विकेट लिए हैं. उन्होंने इस मामले में न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया कर्र को पीछे छोड़ दिया है। टी20 वर्ल्ड कप में कर के नाम कुल 37 विकेट हैं.

इस रिकॉर्ड लिस्ट में वेस्टइंडीज की गेंदबाज स्टेफनी टेलर 33 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। एक्लेस्टोन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेले 6 मैचों में अब तक 9 विकेट लिए हैं. इस दौरान उनकी इकॉनमी सिर्फ 5.79 की रही है. लगभग हर मैच में बीच के ओवरों में उन्होंने अपनी किफायती गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाया है, जिसका फायदा इंग्लैंड की टीम को मिला है.

सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 169 रन बनाए. इंग्लिश टीम के लिए कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने शानदार बल्लेबाजी की और 47 गेंदों में 75 रनों की जोरदार पारी खेली. इस विस्फोटक पारी के दौरान इंग्लिश कप्तान ने 11 चौके और एक छक्का लगाया. वहीं हीथर नाइट ने 47 गेंदों में 58 रनों का योगदान दिया.

जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 129 रन ही बना सकी. प्रोटियाज टीम के लिए ताजमिन ब्रिट्स ने सबसे ज्यादा 51 रन बनाए. हालांकि उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका. गेंदबाजी में इंग्लैंड के लिए लॉरेन बेल और चार्ली डीन ने दो-दो विकेट लिए.

ये भी पढ़ें-

IND vs ENG 2nd T20: क्या संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी दोनों खेलेंगे? दूसरे टी20 में ऐसी होगी भारत की प्लेइंग इलेवन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *