बिहार के भोजपुर जिले में रविवार (5 जुलाई) सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा बिहिया थाना क्षेत्र के दोघरा गांव के पास NH-922 पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पीछे से ट्रेलर (ट्रक-ट्रॉली) से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतकों में प्रकाश कुमार, पल्लवी और एक अन्य शामिल हैं। दोनों झारखंड के देवघर के रहने वाले बताये जा रहे हैं. हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को पहले आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो में कुल चार लोग सवार थे. सभी लोग मनाली घूमने के बाद नोएडा लौटे थे और वहां से अपने घर देवघर जा रहे थे. रविवार की सुबह करीब 6.30 बजे जब उनकी कार बिहिया थाना क्षेत्र के दोघरा गांव के पास राही होटल के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गयी.
राजद आज मना रही है अपना 30वां स्थापना दिवस, लालू यादव ने बिहार की जनता को दिया संदेश.
कार का दरवाजा काटकर दोनों लोगों के शव बाहर निकाले गए।
हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. कार का दरवाजा काटकर दो शवों को बाहर निकाला गया. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया. स्थानीय ग्रामीण मुन्ना राय ने बताया कि स्कॉर्पियो काफी तेज रफ्तार में थी और पीछे से ट्रेलर में जा घुसी.
उन्होंने बताया कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया. उनके मुताबिक मृतकों में पति-पत्नी शामिल हैं. उन्होंने यह भी बताया कि मृतक युवक नोएडा में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था और अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिताकर घर लौट रहा था. ग्रामीण ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन से कई मोबाइल फोन, कागजात व अन्य सामान बरामद किये गये हैं. परिजनों के मोबाइल पर लगातार कॉल आने के बाद उन्हें हादसे की जानकारी दी गई. बताया जा रहा है कि मृतक का पैतृक घर देवघर में है, जबकि उनके कुछ रिश्तेदार सोनपुर और रांची में रहते हैं.
क्या स्कॉर्पियो चालक को झपकी आ गई या गाड़ी तेज रफ्तार में थी?
सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस और ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात भी सामान्य किया गया।
ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि स्कॉर्पियो चालक को झपकी आ गयी होगी या गाड़ी तेज गति में थी, जिसके कारण आगे चल रहे ट्रेलर से टक्कर हो गयी. उन्होंने बताया कि स्कॉर्पियो नोएडा से देवघर जा रही थी. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक शख्स का इलाज चल रहा है. परिजनों के आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जायेगी.
20 जुलाई से शुरू होगा बिहार विधानसभा का मानसून सत्र, भरत तिवारी एनकाउंटर पर सरकार को घेरेगा विपक्ष.






Leave a Reply