बिहार क्राइम न्यूज़: डबल मर्डर से दहला बिहार, बांका में बदमाशों ने दो युवकों को घेरकर मारी गोली

बिहार के बांका में रविवार (जुलाई 05, 2026) शाम बदमाशों ने दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया और मकदुमा गांव के बीच की है. घात लगाए बदमाशों ने बाइक सवार दो युवकों को रोका और घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतकों की पहचान धर्मराय गांव निवासी जगदीश सिंह के पुत्र सिट्टू सिंह और अर्जुन सिंह के पुत्र गुंजन सिंह के रूप में की गयी है. यह घटना घर से करीब 15 किलोमीटर दूर हुई. पुलिस ने मौके पर मौजूद बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच कर दोनों की पहचान की.

बांका एसपी खुद मौके पर पहुंचे

घटना की गंभीरता को देखते हुए बांका एसपी अमितेश कुमार, बांका एसडीपीओ अमर विश्वास, बांका सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर रामाशंकर सिंह और अमरपुर थाना प्रभारी राकेश कुमार तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया. मौके से गोलियों के तीन खोखे मिले हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें- प्रशांत किशोर ने लिया बजरंगबली का आशीर्वाद, उपचुनाव में लेंगे राजद-कांग्रेस से मदद? बोले- ‘हम…’

क्या बोले एसपी अमितेश कुमार?

इस मामले में बांका एसपी अमितेश कुमार ने कहा, “शुरुआत में यह मामला ‘ब्लाइंड केस’ जैसा लग रहा है, क्योंकि तत्काल कोई ठोस सुराग या गवाह सामने नहीं आया है. हालांकि, स्थानीय स्तर पर यह बात सामने आई है कि इस सुनसान इलाके में कुछ लोगों का जमावड़ा होता था, जहां दूर-दूर से लोग आते थे. इसी बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस गहराई से जांच कर रही है.”

तीसरे व्यक्ति के घायल होने की अफवाह

उधर, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों के बीच चर्चा रही कि कोई तीसरा शख्स भी मौजूद था और उसे गोली मारी गयी है. इस पर सफाई देते हुए एसपी अमितेश कुमार ने कहा कि शुरुआती जांच के दौरान कुछ लोगों ने किसी तीसरे व्यक्ति के घायल होने की आशंका जताई थी. इसके बाद पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आसपास के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और बांका सदर अस्पताल में जांच की, लेकिन अब तक किसी घायल के अस्पताल पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई है.

ये भी पढ़ें- क्या भरत तिवारी की पिस्टल नकली थी? बिलौटी पहुंचे अशोक चौधरी का बड़ा बयान, जानें क्या कहा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *