बिहार के समस्तीपुर में बीते मंगलवार (जुलाई 07, 2026) की रात दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर की है. मृतकों की पहचान प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार के रूप में की गयी है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गैंगवार में हत्या की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुट गई है.
दोनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. बताया जा रहा है कि आठ से 10 बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है. पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा कि दोनों को कितनी गोलियां लगीं.
प्रभात चौधरी के पिता ने क्या कहा?
वहीं, प्रभात चौधरी के पिता संजय कुमार चौधरी ने अपने बेटे के बारे में कहा कि वह कल (मंगलवार) शाम 7-7:30 बजे घर से निकला था. उन्होंने सोचा कि वह गांव में कहीं चला गया होगा. उन्होंने बताया कि उनके बेटे को किसी ने फोन किया था.
पिता ने बताया कि पहले भी झगड़ा हुआ था. कोर्ट में गोली चल गयी. उसमें दो इंस्पेक्टरों को निलंबित कर दिया गया था. उस मामले में लीपापोती की गयी थी. आपको बता दें कि संजय चौधरी साल 2023 की उस घटना का जिक्र कर रहे थे जब कोर्ट में पेशी के दौरान प्रभात चौधरी पर हमला हुआ था.
यह भी पढ़ें- 4 सूत्री मांगों को लेकर पटना PMCH में डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, 4 सूत्री मांगों को लेकर ओपीडी और ओटी रहेगी ठप
पुलिस ने क्या कहा?
घटना के संबंध में पुलिस की ओर से बताया गया कि चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर में दो लोगों को गोली मारने की सूचना मिली थी. जब चकमेहसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है. घटना का कारण आपसी वर्चस्व बताया जा रहा है.
पुलिस का कहना है कि प्रभात चौधरी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है, जिसकी जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. एफएसएल और डीआईयू टीम मामले की जांच कर रही है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 कल्याणपुर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर के खिलाफ 31 धाराओं के तहत 8 FIR, दोषी पाए जाने पर होगी 7 साल तक की सजा






Leave a Reply