भारत ने एक और सीरीज गंवाई, आखिरी वनडे श्रीलंका ने 1 विकेट से जीता; सीरीज 2-1 से जीती

भारतीय क्रिकेट टीम को एक और सीरीज में हार का सामना करना पड़ा. इस बार भारत की अंडर-19 टीम श्रीलंका के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज 1-2 से हार गई. श्रीलंका ने आखिरी और निर्णायक वनडे में 1 विकेट से जीत हासिल कर टीम इंडिया को करारी शिकस्त दी. मैच बेहद रोमांचक रहा. आखिरी विकेट रहते हुए श्रीलंका ने आखिरी गेंद पर जीत हासिल की. आखिरी ओवर में 3 गेंदें डॉट रहने के बाद भी 11 रन बने.

मैच में श्रीलंका की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया. भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला. टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 290 रन बनाए. तीसरे नंबर पर आए वीके विनीत ने सबसे बड़ी पारी खेली और 13 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 131 रन बनाए. इसके अलावा लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने 61 रनों की पारी खेली. इस दौरान श्रीलंका के लिए सेथमिका सेनेविरत्ने ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए.

लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने आखिरी गेंद पर मैच जीत लिया

श्रीलंका ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 291 रन बनाकर जीत हासिल की. आखिरी ओवर में टीम को 11 रनों की जरूरत थी, जिसे चमिका हीनाथिगाला ने पूरा किया. उन्होंने पहली गेंद डॉट खेली. दूसरी गेंद पर चौका मारा. इसके बाद तीसरी और चौथी गेंद डॉट रही. पांचवीं गेंद पर छक्का मारा. अब आखिरी गेंद पर 1 रन चाहिए था, जिसे उन्होंने आसानी से बना लिया और विजेता टीम के खाते में डाल दिया.

सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं चमिका हीनातिगाला ने सबसे बड़ी पारी खेली और 68 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 2 छक्के निकले. इसके अलावा सेनुजा वेकुनागोडा ने 67 रनों की पारी खेली. इस दौरान भारत के लिए अनमोलजीत सिंह ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. इस तरह श्रीलंका अंडर-19 टीम ने रोमांचक मैच जीतकर सीरीज पर अपना नाम लिख लिया.

भारत ने सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की

टीम ने पहले यूथ वनडे में 4 विकेट से जीत हासिल कर सीरीज की शुरुआत की. इसके बाद श्रीलंका ने जोरदार वापसी की और अगले दोनों मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा कर लिया. अब दोनों टीमों के बीच 2 अनाधिकारिक टेस्ट खेले जाएंगे.

यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में जिस स्टेडियम में पीएम मोदी ने संबोधित किया वहां कौन सा खेल खेला जाता है? यहां जानें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *