- ट्रंप ने ईरान को कड़ी सैन्य प्रतिक्रिया की चेतावनी दी.
- उन्होंने कहा कि संघर्षविराम ख़त्म, ईरान बातचीत चाहता है.
- होर्मुज में जहाजों पर हमलों से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है.
- अमेरिका ने ईरानी ठिकानों पर किया हमला, ईरान ने दिया जवाब.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को लेकर बेहद सख्त चेतावनी दी है. ट्रंप ने दावा किया कि अगर तेहरान उनकी हत्या करने में सफल हो गया तो अमेरिका ऐसा सैन्य जवाब देगा जिसकी ईरान ने कभी कल्पना भी नहीं की होगी. उन्होंने कहा कि तेहरान पर इतने बड़े पैमाने पर बम बरसाए जाएंगे कि वह पूरी तरह हिल जाएगा.
युद्धविराम ख़त्म हो गया है और हालात पहले जैसे नहीं हैं- ट्रंप
न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान कई सालों से उन्हें निशाना बनाना चाहता था. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि फिलहाल ऐसी कोई नई खुफिया रिपोर्ट नहीं है, जिसमें उनकी हत्या की किसी नई साजिश की पुष्टि हुई हो. ट्रंप का कहना है कि ख़तरा पुराना है, लेकिन इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता.
इस बयान से पहले अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर तेजी से बढ़ गया था. ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने अमेरिका से बातचीत जारी रखने का अनुरोध किया है और अमेरिका इस पर सहमत भी हो गया है. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि संघर्ष विराम अब खत्म हो चुका है और हालात अब पहले जैसे नहीं हैं.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में ईरान को दी धमकी
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ने हमसे बातचीत जारी रखने का अनुरोध किया है। हम इस पर सहमत हो गए हैं, लेकिन उन्हें साफ शब्दों में बता दिया गया है कि संघर्ष विराम अब खत्म हो गया है.’
अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव की मुख्य वजह क्या है??
तनाव की सबसे बड़ी वजह होर्मुज जलडमरूमध्य में हुई हालिया घटनाएं हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वहां से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों पर हमले के बाद अमेरिका ने पिछले दो दिनों में ईरान के कई सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर हमला किया. इन हमलों में जान-माल की हानि हुई और कई महत्वपूर्ण संरचनाएँ क्षतिग्रस्त हो गईं। जवाब में ईरान ने भी अमेरिकी हितों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जिससे पूरे मध्य पूर्व में तनाव फिर से चरम पर पहुंच गया.
जेडी वेंस ने ईरान पर लगाया आरोप
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान पर होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर हमला करके हालिया समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोबारा समुद्री यातायात बाधित करने की कोशिश की गई तो अमेरिका पहले से भी ज्यादा कठोर सैन्य कार्रवाई करेगा.
यह भी पढ़ें: ट्रंप की जान को खतरा या नेतन्याहू का मास्टरस्ट्रोक? जानिए क्यों अमेरिका के लड़ाकू विमानों ने ईरान पर बरसाना शुरू कर दिया बारूद






Leave a Reply