बिहार विधानसभा में आज कई अहम बिल पेश होंगे, विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है.

बिहार विधानमंडल का 213वां मानसून सत्र सोमवार (20 जुलाई) से शुरू हो गया है. 5 दिनों तक चलने वाले इस सत्र का आज दूसरा दिन है. आज दोनों सदनों विधानसभा और विधान परिषद में हंगामे के आसार हैं. विपक्ष राज्य की कानून-व्यवस्था, भरत तिवारी एनकाउंटर, किसानों के मुद्दे के साथ-साथ दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरना, हंगामा और वंदे मातरम बिल पर सरकार को घेर सकता है. इस बीच सरकार जनहित से जुड़े सात विधेयक भी प्रस्तावित करेगी.

विधानसभा में मानसून सत्र सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा, जिसमें प्रश्नोत्तर काल 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चलेगा. इस दौरान सदन के सदस्यों द्वारा शिक्षा विभाग और योजना एवं विकास विभाग से जानकारी मांगी जायेगी. इन सवालों का जवाब संबंधित मंत्री देंगे. इसके अलावा पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री वर्ष 2017-18 की वार्षिक रिपोर्ट सदन के पटल पर रखेंगे. वहीं, पथ निर्माण मंत्री सदन में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड की वार्षिक रिपोर्ट पेश करेंगे.

बिहार: विधानसभा में 10 संशोधन विधेयक पेश, पहले दिन क्या हुआ? जानना

किन बिलों पर हो सकती है चर्चा?

लंच के बाद एक से दो बजे के बीच सरकार सात विधेयकों को पारित करने का प्रस्ताव लाएगी और इस पर चर्चा होगी. विधानसभा की कार्यवाही के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गृह विभाग की ओर से ‘बिहार जुआ (निषेध) विधेयक, 2026’ का प्रस्ताव लाएंगे, जिस पर विस्तृत चर्चा होगी. उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव सदन में वाणिज्य कर विभाग से संबंधित ‘बिहार माल एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2026’ का प्रस्ताव पेश करेंगे.

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से ‘बिहार कृषि भूमि (गैर-कृषि प्रयोजनों के लिए रूपांतरण) (निरसन) विधेयक, 2026’ और ‘बिहार भूमि निबंधन-खारिज (संशोधन) विधेयक, 2026’ का प्रस्ताव सदन में पेश किया जाएगा.

स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंत्री निशांत कुमार सदन में ‘बिहार नर्स पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026’ और ‘बिहार चिकित्सा (संशोधन) विधेयक, 2026’ का प्रस्ताव पेश करेंगे. इसके अलावा ‘बिहार चीनी उपक्रम संशोधन विधेयक 2026’ को पारित करने पर भी चर्चा होगी और मंत्री संजय कुमार इसे सदन में पेश करेंगे. इन सभी बिलों पर चर्चा के बाद मंजूरी मांगी जाएगी.

विधान परिषद में आज किन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा?

आज विधान परिषद में कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा होगी. इस दौरान परिषद में ऊर्जा विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, उद्योग विभाग, विधि विभाग, गन्ना उद्योग विभाग से जुड़े मंत्री अपने क्षेत्र की समस्याओं पर जवाब देंगे.

इसके अलावा खादी मॉल में नकली सामान की बिक्री पर भी विधान परिषद में चर्चा होगी. विधान परिषद में ऊर्जा विभाग से जुड़े मुद्दे पर सबसे ज्यादा हंगामा होने वाला है. बिजली समस्या को लेकर कई एमएलसी सरकार को घेरने की तैयारी में हैं.

बिजली आपूर्ति और विभाग से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर आज विधान परिषद में चर्चा हो सकती है. कुल मिलाकर आज विधानमंडल हंगामे के साथ-साथ जनहित के लिए भी उपयोगी साबित होने वाला है.

क्या खान सर के ‘जीजाजी’ वाले बयान पर होगा एक्शन? बीजेपी को आया गुस्सा, पार्टी विधायक बोले- ‘बिहार में…’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *