बिहार की राजनीति में छात्र आंदोलन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्रों की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए राज्य सरकार को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि केवल पत्र जारी करना पर्याप्त नहीं होगा, छात्रों की रिहाई सुनिश्चित करनी होगी. अगर सरकार बुधवार शाम तक मांगें नहीं मानती है तो अगले दिन पूरे बिहार में बड़ा आंदोलन किया जायेगा.
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि अब तक गिरफ्तार किये गये छात्रों को रिहा नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार को सिर्फ औपचारिक घोषणाएं नहीं बल्कि वास्तविक कार्रवाई करनी होगी.
बांकीपुर उपचुनाव 2026: बांकीपुर में प्रचार का आज आखिरी दिन, कब होगी वोटिंग और नतीजे?
एके-47 फायरिंग की न्यायिक जांच की मांग
छात्रों पर कथित गोलीबारी की न्यायिक जांच की मांग करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि गोलियां हवा में नहीं चलाई गईं, बल्कि निर्दोष युवाओं को मारने की कोशिश की गई. उन्होंने सवाल उठाया कि गोली चलाने का आदेश किसने दिया और सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए.
‘बिहार को पुलिस गुंडा बना रही है’
राजद नेता ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार बिहार को ”पुलिस गुंडागर्दी” की ओर धकेल रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है मानो वे आतंकवादी हों, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
तेजस्वी का सरकार पर हमला
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की मौजूदा सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है. अपराध बढ़ गया है, बेरोजगारी चरम पर है और जनता त्रस्त है. बांकीपुर की जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोग बदलाव के मूड में हैं और ‘चंदा चोरों’ को भगाने की बात कर रहे हैं.






Leave a Reply