बिहार में कभी पुल-पुलिया तो कभी मोबाइल टावरों की चोरी की खबरें आती रहती हैं. अब जहानाबाद में रेलवे लाइन से तार ही चोरी हो गया है. मामला पटना-गया रेलखंड के मदारपुर रेलवे गुमटी के पास का है. गुरुवार (जुलाई 09, 2026) सुबह जैसे ही यह खबर सामने आई, चर्चा का विषय बन गई।
बताया जाता है कि चोरों ने 25 हजार वोल्ट के करीब 35 मीटर ओवरहेड हाईटेंशन तार को काट लिया. इसके कारण गुरुवार की सुबह करीब तीन घंटे तक डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन ठप रहा. इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
…और सिस्टम फेल हो गया
पूरा मामला जहानाबाद रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी का है. जैसे ही चोरों ने बड़े स्पिन तार को काटा, दानापुर रेल मंडल का सिग्नल सिस्टम और ओएचई लाइन प्रभावित हो गयी. सिस्टम फेल होने पर ईसीआर की तकनीकी टीम और आरपीएफ तुरंत मौके पर पहुंची.
घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने क्षतिग्रस्त तार को बदल कर मरम्मत कार्य पूरा किया, जिसके बाद परिचालन बहाल हो सका. इस बीच डाउन लाइन पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से पलामू एक्सप्रेस और हटिया-पटना एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें जहां-तहां खड़ी रहीं.
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर बोले- बीजेपी का अहंकार तोड़ें, कही बड़ी बात, ‘हर मतदाता को…’
इधर, सीनियर टेक्नीशियन असुंधा राही ने बताया कि सुबह करीब साढ़े तीन बजे चोरों ने बड़े स्पिन तार को काट लिया, जिसकी सूचना हमें दानापुर रेल मंडल से मिली. सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंची और बड़े स्पिन तार को दुरुस्त कर परिचालन सामान्य किया. तार चोरी के कारण डाउन लाइन पर करीब 3 घंटे तक परिचालन बाधित रहा, जिससे कई ट्रेनें प्रभावित हुईं. फिलहाल स्थिति सामान्य है.
आरपीएफ ने तार बरामद कर लिया
इस बीच स्थानीय निवासी मुकेश गौतम ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए. कहा कि यह घटना पूरी तरह से लापरवाही का मामला है। हालांकि, आरपीएफ ने पास के एक गड्ढे से कटा हुआ तार बरामद कर लिया है. आरपीएफ ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि इस चोर गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके.
यह भी पढ़ें- बांकीपुर में कड़ा चुनावी मुकाबला, पशुपति पारस की पार्टी ने भी उतारे उम्मीदवार






Leave a Reply