ईरान और अमेरिका के एक-दूसरे पर नए सिरे से हो रहे हमलों के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने तेहरान को सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने ईरानी नेताओं को जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि अगर आप इजराइल पर हमला करते हैं तो यह उम्मीद मत कीजिए कि सब कुछ शांत रहेगा. उन्होंने कहा कि अगर अब कोई हमला हुआ तो इजराइल और जोरदार जवाबी कार्रवाई करेगा.
ईरान को शांति की उम्मीद नहीं करनी चाहिए: नेतन्याहू
इजरायली पीएम नेतन्याहू ने कहा, ‘मैं ईरान के नेताओं से कहना चाहता हूं कि अगर आप हम पर हमला करेंगे तो यह उम्मीद मत कीजिए कि सब कुछ शांत रहेगा. वे दिन गए जब कोई हम पर हमला करता था और हम जवाब नहीं देते थे। रोम में नए दौर की वार्ता के बीच, इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सार ने कहा कि उनका देश लेबनान में एक पायलट जोन लागू करने के लिए तैयार है।
रोम में इजराइल-लेबनान वार्ता
समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा, ‘मुझे उम्मीद है और मेरा मानना है कि रोम में चर्चा के इस दौर से इसे बढ़ावा मिलेगा.’ पिछले महीने एक समझौते पर हस्ताक्षर करने के बावजूद, इजरायली सेना दक्षिणी लेबनान में हमले जारी रखे हुए है। खाड़ी देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर ईरान द्वारा किए गए हमलों के बाद इस सप्ताह बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन में वायु रक्षा प्रणालियों को फिर से सक्रिय किया गया।
ईरान पर अमेरिका के हमले के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ गया है. ईरान ने मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में यूएई के दो टैंकरों को क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया, जिसमें चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई। इस घटना के बाद, भारत के विदेश मंत्रालय ने मिशन के उप प्रमुख (डीसीएम) मोहम्मद जवाद होसैनी सहित ईरानी राजनयिकों को तलब किया।
ईरान की अमेरिका को चेतावनी
ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी ईरान में स्थित बुशहर (जहां परमाणु सुविधाएं स्थित हैं) और दक्षिणी शहर बंदर अब्बास के पास चार स्थानों पर पांच विस्फोट सुने गए। ईरानी सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकारमिनिया ने कहा कि युद्ध, अमेरिका की दादागिरी और सैन्य कार्रवाई से होर्मुज जलडमरूमध्य कभी नहीं खुलेगा। उन्होंने साफ कर दिया कि ईरानी सेना इस इलाके से पीछे नहीं हटेगी.






Leave a Reply