‘कोई जीत नहीं होगी…’, ट्रंप के पूर्व रक्षा प्रमुख ने अमेरिका को दी चेतावनी, ईरान को लेकर क्या कहा?

अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पूर्व रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने चेतावनी दी है कि अमेरिका सिर्फ हवाई हमलों के दम पर ईरान से युद्ध नहीं जीत सकता. उन्होंने कहा कि लगातार बमबारी से तेहरान के रवैये में बदलाव की संभावना कम है.

यह बयान ऐसे वक्त आया है जब राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर हमले और तेज करने को कहा है. दोनों देशों के बीच बढ़ते युद्ध के कारण मध्य पूर्व में तनाव का माहौल है. मार्क एस्पर ने ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ से बात करते हुए कहा कि अकेले सैन्य कार्रवाई से इस संकट का स्थायी समाधान नहीं मिलेगा.

इस बीच तेहरान के आसपास एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय होने की खबरें आई हैं. ईरान के बोरुजार्ड शहर के पास भी धमाके की खबर है. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इन धमाकों की वजह क्या है और न ही किसी पक्ष ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि की है.

आसमान में अमेरिकी विमान

दूसरी ओर, सार्वजनिक उड़ान ट्रैकिंग वेबसाइटों पर कुछ अमेरिकी सैन्य विमानों को क्षेत्र के ऊपर से उड़ान भरते देखा गया है। इनमें तीन KC-135 और दो KC-46A ईंधन भरने वाले विमान शामिल हैं। इसके अलावा एक E-3 AWACS विमान भी देखा गया है, जिसका उपयोग हवाई निगरानी और प्रारंभिक चेतावनी के लिए किया जाता है।

सार्वजनिक उड़ान ट्रैकिंग सेवाओं पर दिखाई देने वाले विमान सैन्य गतिविधि की पूरी तस्वीर नहीं दर्शाते हैं। कई सैन्य विमान सुरक्षा कारणों से अपनी लोकेशन सार्वजनिक नहीं करते हैं। ऐसे में वास्तविक सैन्य गतिविधि इससे कहीं ज्यादा हो सकती है.

गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान ने एक दूसरे के खिलाफ काफी आक्रामक रवैया अपनाया हुआ है. अमेरिका ने कई ईरानी ठिकानों को तबाह करने का दावा किया है. उधर, ईरान ने भी अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।

यह भी पढ़ें: एक तरफ अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने तेहरान को घेरा, दूसरी तरफ ट्रंप ने की ईरान की तारीफ, बोले- ‘उनकी सद्भावना…’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *