क्या भरत तिवारी एनकाउंटर केस में घुसेगी सीबीआई? भाई ने कहा- बिहार सरकार की जांच पर भरोसा नहीं.

बिहार के भोजपुर जिले में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग अब देश की राजधानी दिल्ली तक पहुंच गई है. रविवार (12 जुलाई) को भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी, भरत तिवारी के समर्थकों के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे.

प्रदर्शन के दौरान उन्होंने बिहार सरकार की न्यायिक जांच पर सवाल उठाए और पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए और न्याय की मांग को लेकर नारे भी लगाये गये.

‘सरकार की जांच पर बिल्कुल भरोसा नहीं’

एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए भरत के भाई चंदन तिवारी ने कहा कि उन्हें बिहार सरकार की न्यायिक जांच पर कोई भरोसा नहीं है. उनका कहना है कि अगर सरकार निष्पक्ष जांच चाहती है तो मामले की जांच सीबीआई को सौंप देनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि भरत तिवारी की हत्या के जिम्मेदार लोगों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है, इसलिए परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है.

यह भी पढ़ें: नालंदा में घर में घुसकर छोटे यादव की गोली मारकर हत्या, चार माह पहले जमानत पर आया था बाहर

चंदन तिवारी ने आगे कहा कि उनका परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है और अब वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. उनका कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.

5 करोड़ रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग

प्रदर्शन के दौरान चंदन तिवारी और भरत तिवारी के समर्थकों ने सरकार के सामने पांच प्रमुख मांगें रखीं. पहली मांग मुठभेड़ में शामिल सभी लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की है. दूसरी मांग भरत तिवारी के परिवार को 5 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की है. तीसरी मांग परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की है.

इसके अलावा सरकार से परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने और उन सामाजिक मुद्दों को पूरा करने की भी मांग की गई, जिन पर भरत तिवारी ने आवाज उठाई थी.

न्याय की लड़ाई सिर्फ भरत तिवारी के परिवार की नहीं है.

इस धरने पर पहुंचे भरत तिवारी के समर्थकों का कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ भरत तिवारी के परिवार की नहीं, बल्कि न्याय की लड़ाई है. उनका कहना है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने सरकार से जल्द फैसला लेकर परिवार को न्याय दिलाने की भी अपील की है.

यह भी पढ़ें: बिहार में पर्यटन के नये युग की शुरुआत! अब आसमान से देख सकेंगे राज्य की खूबसूरती, इतना है किराया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *