News4Life

Life Changing News & Views

क्या श्रीलंका में मारपीट के बाद वैभव सूर्यवंशी पर कार्रवाई करेगी बीसीसीआई? देवजीत सैकिया ने दी सफाई

त्रिकोणीय सीरीज में भारत ए के खिलाफ सुपर ओवर में जीत के बाद श्रीलंका ए के खिलाड़ियों ने वैभव सूर्यवंशी को उकसाने वाली टिप्पणियां कीं. इसके बाद वैभव उन खिलाड़ियों की ओर आये और फिर हाथापाई तक हो गयी. इसे लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, कुछ लोग 15 साल के बल्लेबाज का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ उनके आपा खोने के लिए आलोचना कर रहे हैं. अब इस पर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया की भी प्रतिक्रिया आई है.

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कर दिया है कि बीसीसीआई वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंका ए खिलाड़ियों के साथ हुई बहस के मामले में हस्तक्षेप नहीं करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि आईसीसी के नियमों के तहत मैच रेफरी और अंपायर फैसले लेते हैं. उन्होंने पीटीआई से कहा, ”सोशल मीडिया पर काफी चर्चा है, जिसमें अटकलें भी शामिल हैं कि बीसीसीआई कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है. लेकिन क्या आप चाहते हैं कि बीसीसीआई मैच रेफरी के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप करे?”

उन्होंने साफ किया कि बीसीसीआई को ऐसे मामलों में कार्रवाई करने या न करने का कोई अधिकार नहीं है. उन्होंने कहा, “हमें ऐसे क्षेत्र में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए जहां मैच रेफरी और अंपायर मैदान पर होने वाली घटनाओं के बारे में निर्णय लेने के लिए मुख्य प्राधिकारी हैं। बीसीसीआई के पास कोई कार्रवाई करने या खेल के संचालन में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है। जो कुछ भी हुआ वह खेल का हिस्सा था और बीसीसीआई नियमों और आईसीसी नियमों के तहत, बोर्ड की ऐसे मामलों में कोई भूमिका नहीं है।”

यह भी पढ़ें- कंगारू टीम से डेब्यू करने वाले भारतीय खिलाड़ी का बड़ा बयान, ‘हमेशा से ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना चाहता था…’

सैकिया ने आगे कहा, “यह मैच रेफरी की जिम्मेदारी है। अगर कुछ गलत होता है, तो अंपायर या रेफरी निर्णय लेगा। इसके लिए पहले से ही एक प्रणाली मौजूद है। बहुत सारी अटकलें हैं, लेकिन वे निराधार हैं। मैं आपको आश्वासन देता हूं कि बीसीसीआई मैच रेफरी के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप नहीं करेगा, जो सक्षम प्राधिकारी है। अगर किसी खिलाड़ी या मैदान पर किसी भी क्रिकेट गतिविधि से संबंधित कुछ भी गलत होता है, तो केवल संबंधित अधिकारी ही इससे निपटेंगे।”

यह भी पढ़ें- देखें: जीत से पहले ही जश्न मनाने लगे खिलाड़ी, फिर मैदान से वापस भागे; स्टंप उखड़ गए

देवजीत सैकिया का मानना ​​है कि अगर बीसीसीआई कुछ करता है तो यह मैच रेफरी के अधिकार क्षेत्र में दखल देने जैसा होगा, जो बोर्ड नहीं करेगा. आपको बता दें कि श्रीलंका में खेली जा रही त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में भारत ने ही अपनी जगह पक्की कर ली है. फाइनल में जाने के लिए अफगानिस्तान को शुक्रवार को होने वाले मैच में श्रीलंका को बड़े अंतर से हराना होगा, नहीं तो फाइनल मुकाबला भारत ए और श्रीलंका ए के बीच होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *