पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (KP) प्रांत का बन्नू जिला शनिवार (20 जून, 2026) को लगातार दो बम धमाकों से दहल गया। एक के बाद एक हुए दो बम धमाकों में कुल 7 लोगों की जान चली गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. ये भीषण बम धमाके बन्नू जिले में सड़क किनारे किए गए.
अलग-अलग समय पर दो बम धमाके हुए
आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, इन बम धमाकों को लेकर स्थानीय जिला पुलिस प्रमुख यासिर अफरीदी ने कहा कि यह बम विस्फोट बन्नू जिले के वजीर उपखंड के अर्ध-आदिवासी पहाड़ी इलाके मार्का बेरा में सड़क किनारे खड़े दो अलग-अलग वाहनों में हुआ. पहला विस्फोट तब हुआ जब एक यात्री वैन गुजर रही थी, जिसमें कुल पांच लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद जब स्थानीय लोग मृतकों और घायलों को एंबुलेंस तक ले जा रहे थे तो अचानक दूसरी गाड़ी में रखा बम फट गया. इस धमाके में दो लोगों की मौत हो गई.
पुलिस का कहना है कि बम धमाका रिमोट कंट्रोल के जरिए किया गया है. यह कायरतापूर्ण आतंकी हमला है. यह हमला अफगानिस्तान की सीमा से लगे अशांत उत्तरी वजीरिस्तान इलाके के पास स्थित बन्नू जिले में किया गया था.
जिला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं
फिलहाल केपी डिस्ट्रिक्ट पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने आशंका जताई है कि इलाके में कई और बम फिट किए गए होंगे, इसलिए इसकी गहनता से जांच की जा रही है. हालांकि, फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इन बम धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है. पुलिस ने यह भी कहा है कि बम धमाकों में घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है.
पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने जताया दुख
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने केपी प्रांत के बन्नू जिले में हुए इन आईईडी बम धमाकों की कड़ी निंदा की है. उन्होंने हमले में मारे गए लोगों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
यह भी पढ़ें: ज़ेलेंस्की के इस कदम से बढ़ेगी पुतिन की टेंशन! रूस के जब्त हथियारों के लिए बोली लगाएगा यूक्रेन, शुरू किया इंटरनेट प्लेटफॉर्म





Leave a Reply