पाकिस्तान में एक आत्मघाती हमले में सेना के 12 जवानों समेत कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई. यह बयान पाकिस्तानी सेना की ओर से शुक्रवार को जारी किया गया है. यह हमला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक सुरक्षा चौकी पर हुआ. पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ने कहा, ‘खैबर पख्तूनख्वा में हुए इस आत्मघाती हमले में 15 लोगों की जान चली गई है, जिसमें 12 सेना के जवान, दो पुलिसकर्मी और वन विभाग का एक पूर्व सरकारी अधिकारी शामिल हैं.’
कैसे किया गया आत्मघाती हमला?
सेना के मुताबिक, टैंक जिले में हुए इस हमले में सुरक्षा बलों ने 12 आतंकियों को मार गिराया. बयान में कहा गया, ‘हमलावरों ने गाड़ी सुरक्षा घेरे की दीवार से टकरा दी. विस्फोट से चेक पोस्ट को गंभीर नुकसान पहुंचा है. इस हमले की तत्काल किसी समूह ने जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन इस्लामिक आतंकवादी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) समूह का इस क्षेत्र में काफी प्रभाव है।
पाकिस्तान ने पहले खैबर पख्तूनख्वा और दक्षिणी सीमावर्ती प्रांत बलूचिस्तान में बढ़ते हमलों के लिए अफगानिस्तान से फैल रहे उग्रवाद को जिम्मेदार ठहराया था. तालिबान सरकार इसमें अफगानिस्तान की संलिप्तता से इनकार करती है.
पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तनाव
इस तनाव के बीच पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की सीमा में घुसकर घातक हवाई हमले किए हैं. पाकिस्तान का दावा है कि उसने अफगान धरती पर मौजूद आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया है. दूसरी ओर, तालिबान प्रशासन और संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि जून महीने में हुए इन पाकिस्तानी हवाई हमलों में दर्जनों निर्दोष नागरिकों की जान गई है. इन हमलों और आरोप-प्रत्यारोप से दोनों देशों के रिश्ते और भी खराब हो गए हैं, जिससे सीमा पर हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं.
यह भी पढ़ें: फ्रांस वाइल्डफायर: फ्रांस के जंगलों में लगी भीषण आग, हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया, जानें मौजूदा स्थिति
