बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर के लड़ने पर बीजेपी सांसद ने कहा, ‘…यह बड़ी बात होगी’

बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर की एंट्री पर बीजेपी की प्रतिक्रिया सामने आई है. बीजेपी सांसद मनन मिश्रा ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए प्रशांत किशोर को घेरा. उन्होंने कहा कि अपनी जमानत बचाना उनके लिए बड़ी बात होगी.

बीजेपी सांसद मनन मिश्रा ने पटना में मीडिया से बात करते हुए कहा, “प्रशांत किशोर ने भी विधानसभा का चुनाव लड़ा था, उन्होंने 200 से ज्यादा उम्मीदवार उतारे थे. इसलिए नतीजा सामने है. नतीजे वे भी जानते हैं, पूरा बिहार जानता है, इसलिए इसमें कोई नई बात नहीं है. अगर वह अपनी जमानत बचा लें तो बड़ी बात होगी.”

नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद बांकीपुर सीट खाली हो गई थी

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा के लिए चुने गए. इसके बाद उन्होंने बिहार विधानसभा से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद बांकीपुर विधानसभा की सीट खाली हो गई. पिछले सप्ताह इस उपचुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के बाद जन सुराज पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में प्रशांत किशोर के बांकीपुर उपचुनाव लड़ने को लेकर औपचारिक फैसला लिया गया.

प्रशांत किशोर ने की वोट की अपील

पटना में एक संवाददाता सम्मेलन में जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने कहा, ”बांकीपुर के लोग बिहार में सबसे अमीर और सबसे शिक्षित हैं। उन्हें सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार को वोट देने दें। अगर उन्हें लगता है कि वे मुझ पर भरोसा कर सकते हैं, तो मैं उनसे मेरे लिए वोट करने की अपील करता हूं। अपनी पार्टी का एकमात्र विधायक होने के बावजूद, मैं विधानसभा में शेष 242 विधायकों पर भारी पड़ूंगा।” उन्होंने यह भी कहा कि आगामी उपचुनाव सम्राट चौधरी की दो महीने पुरानी सरकार के कामकाज पर जनमत संग्रह होगा।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर कब होगा उपचुनाव?

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी, जो 13 जुलाई तक चलेगी. 30 जुलाई को मतदान होगा. वोटों की गिनती 3 अगस्त को होगी.

बांकीपुर उपचुनाव: ‘मौजूदा सरकार से लोग नाखुश हैं, इसलिए…’, प्रशांत किशोर पर पप्पू यादव की पहली प्रतिक्रिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *