बिहार में पिछले चार-पांच दिनों से पारा गिर गया है. उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के लगभग सभी जिलों में मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है. इस बीच मौसम विभाग ने बुधवार (जुलाई 08, 2026) को राज्य के छह जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग की ओर से यह चेतावनी आज (बुधवार) दोपहर 2 बजे के बाद के लिए जारी की गई है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटे में अररिया और सुपौल जिले में भारी बारिश, आंधी और तेज हवा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी और पूर्णिया में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इन जिलों में भी तेज गति से हवाएं चल सकती हैं.
दरभंगा,कटिहार,समस्तीपुर,सहरसा,सीतामढ़ी,मुजफ्फरपुर,वैशाली और शिवहर में तेज हवा के साथ मध्यम बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में भी आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है.
शाम को भी कई जिलों में बारिश की संभावना
वहीं मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज (बुधवार) शाम को भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है. गयाजी, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, रोहतास, भोजपुर, नालंदा और राजधानी पटना के शहरी इलाकों और पश्चिमी इलाकों (दुल्हिन बाजार, दानापुर, मसौढ़ी, पालीगंज, बिक्रम और पुनपुन) में मध्यम बारिश की संभावना है. शाम चार बजे के बाद पटना में काले बादल छा गये.
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर मर्डर: गैंगवार में डबल मर्डर! समस्तीपुर में प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार की गोली मारकर हत्या
मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि दोपहर 3:40 बजे से शाम 6:40 बजे के बीच गोपालगंज, सीवान, दरभंगा, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर जिले में हल्की या मध्यम बारिश के संकेत हैं. इसके लिए इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
कहां हुई बारिश?
बीते मंगलवार की रात से बुधवार की दोपहर तक किशनगंज में 178.4 मिमी भारी बारिश दर्ज की गयी है. वहीं, अररिया में 98.6 मिमी, सुपौल में 93 और पूर्णिया में 74.8 मिमी भारी बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा गया, नालंदा, जमुई, औरंगाबाद, रोहतास, शेखपुरा और मधुबनी में भी मध्यम बारिश हुई है.
यह भी पढ़ें- प्रशांत किशोर को बड़ा झटका, इस नेता ने दिया इस्तीफा, बांकीपुर से दिया बीजेपी को समर्थन






Leave a Reply