सुपौल से सटे नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. सोमवार (जुलाई 20, 2026) को शाम 5 बजे वीरपुर स्थित कोसी बराज से 2,45,040 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में लगातार बढ़ोतरी है. बढ़ते जल प्रवाह को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है. तटबंधों पर निगरानी बढ़ा दी गयी है.
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार 20 जुलाई 2026 को शाम 5:00 बजे कोसी बराज का डाउनस्ट्रीम डिस्चार्ज 2,45,040 क्यूसेक था. जबकि पूर्वी व पश्चिमी कोसी मुख्य नहर (ईकेएमसी व डब्लूकेएमसी) में जलप्रवाह शून्य रहा. उधर, बराहक्षेत्र (बीकेएस) में शाम पांच बजे 1,57,000 क्यूसेक जलप्रवाह दर्ज किया गया.
तैयारी देखने पहुंचे डीएम
कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने सोमवार को पूर्वी कोसी तटबंध प्रमंडल-2, वीरपुर के स्पर किलोमीटर-10.00 का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ सुरक्षा कार्यों, तटबंधों की स्थिति और सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया.
जिलाधिकारी ने दिये निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं एवं कर्मियों को तटबंधों की 24 घंटे नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन, मशीनरी एवं जनशक्ति को पूरी तरह तैयार रखने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में स्कूल जा रहे इंटरमीडिएट छात्र की गोली मारकर हत्या, मीसा भारती बोलीं- ये है ‘मंगलराज’
डीएम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी संभावित खतरे की जानकारी तुरंत वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर लोगों और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
अफवाहों पर ध्यान न दें
प्रशासन ने कोसी के तटीय इलाकों के लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पूरी सावधानी बरतें. बाढ़ नियंत्रण विभाग लगातार जलस्तर पर नजर रखे हुए है और प्रशासन भी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है.
यह भी पढ़ें- बिहार: विधानसभा के पटल पर रखे गए 10 संशोधन विधेयक, पहले दिन क्या हुआ? जानना






Leave a Reply