बिहार के बेतिया से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. आरोप है कि मंगलवार (जून 23, 2026) सुबह एक पति ने अपनी पत्नी और तीन नवजात बच्चों को नहर में फेंक दिया। इस घटना में महिला की जान तो किसी तरह बच गई लेकिन तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई. यह घटना चनपटिया थाना क्षेत्र की है.
पति मायके छोड़ने जा रहा था
बताया जाता है कि कुमारबाग थाना क्षेत्र के भंगहा गांव निवासी राजमिस्त्री रामबाबू यादव का अपनी पत्नी ललिता देवी (उम्र करीब 35-36 वर्ष) से कुछ दिनों से विवाद चल रहा था. आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब तीन बजे रामबाबू अपनी पत्नी को यह कहकर ले गया कि वह उसे उसके मायके छोड़ देगा। इसके बाद वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ बाइक से मझौलिया थाना क्षेत्र के बिरवा गांव के लिए निकल पड़ा.
रास्ते में लोहिरिया चौक पर नहर के पास पहुंचने के बाद उसने कथित तौर पर पहले तीन बच्चों और फिर पत्नी को नहर में धक्का दे दिया. नहर में गिरने के बाद उनकी पत्नी ललिता देवी किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहीं. इसके बाद वह अपने मायके पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी.
यह भी पढ़ें- भरत तिवारी मामला: 24 को होगी महापंचायत, यूपी समेत कई राज्यों से जुटेगी भीड़, प्रशांत किशोर भी पहुंचेंगे
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे. इस दौरान छवरहिया गांव के पास नहर में तैरते हुए तीनों बच्चों का शव बरामद किया गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है.
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया
इस मामले में चनपटिया थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि तीनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया गया है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. आरोपी पति फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उधर, घटना के बाद बच्चों की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों में आरोपियों के प्रति भारी गुस्सा देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें- पटना न्यूज: बेउर जेल अधीक्षक नीरज कुमार झा निलंबित, लगे ये गंभीर आरोप





Leave a Reply