बुधवार (जुलाई 22, 2026) को बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान ग्रामीण इलाकों में लगे सोलर स्ट्रीट लाइट के काम नहीं करने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया. खास बात यह है कि इस मुद्दे पर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के विधायक भी अपनी ही सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के जवाब से संतुष्ट नहीं दिखे और सदन में उनके दावों को खुली चुनौती दी.
’70 प्रतिशत लाइटें काम नहीं कर रही’
प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्याम रजक ने ग्रामीण इलाकों में सोलर लाइट खराब होने का मामला उठाते हुए कहा कि जहां सोलर लाइटें लगी थीं, उनमें से अधिकांश बंद हैं. उन्होंने दावा किया कि करीब 70 फीसदी लाइटें काम नहीं कर रही हैं, जिसके कारण कई इलाके अंधेरे में डूबे हुए हैं.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित संवेदक पैसा लेकर भाग गया और मेंटेनेंस सिस्टम पूरी तरह फेल है. इस पर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह कहना सही नहीं है कि 70 फीसदी लाइटें बंद हैं. उन्होंने सदन को बताया कि जहां भी तकनीकी खराबी की शिकायत मिल रही है, मरम्मत की व्यवस्था की गयी है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के बाद पटना में छात्रों का मार्च, पुलिस ने छोड़ी वॉटर कैनन, छोड़े आंसू गैस, एबीपी रिपोर्टर का सिर फटा
बीजेपी विधायक ने दी चुनौती
मंत्री ने कहा कि किसी एजेंसी के भागने का सवाल ही नहीं उठता. अनुबंध की शर्तों के मुताबिक एजेंसी का 30 फीसदी पैसा पांच साल तक सुरक्षित रखा जाता है और रखरखाव में लापरवाही बरतने पर भुगतान रोकने और कार्रवाई करने का प्रावधान है. मंत्री के जवाब से असंतुष्ट बीजेपी विधायक जीवेश मिश्रा ने कहा, ‘मैं मंत्री को चुनौती देता हूं कि वह मेरे साथ आएं और जांचें कि 50 फीसदी लाइटें बंद हुई हैं या नहीं.’
उन्होंने दावा किया कि कई जगहों पर करीब 50 फीसदी सोलर लाइटें बंद पड़ी हैं और सरकार को वास्तविक स्थिति स्वीकार करनी चाहिए.
उन्होंने सवाल उठाया कि खराब लाइटों की निगरानी कौन कर रहा है और शिकायत के बाद भी संबंधित अधिकारी फोन तक नहीं उठाते हैं. इसके बाद जेडीयू विधायक अजीत कुमार ने भी मंत्री के जवाब पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ रात में कांटी क्षेत्र की तीन पंचायतों का निरीक्षण किया, जहां करीब 70 प्रतिशत सोलर लाइटें बंद पायी गयीं. सबसे ज्यादा परेशानी गरीब बस्तियों में रहने वाले लोगों को हो रही है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने मंत्री दीपक प्रकाश को संबंधित क्षेत्रों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री आवास के पास राहुल गांधी के धरने पर सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा बयान, ‘कोई भी…’






Leave a Reply