बिहार में पिछले कई दिनों से मॉनसून सक्रिय है लेकिन पिछले रविवार (12 जुलाई) को मॉनसून कमजोर रहा. अधिकांश जिलों का तापमान तीन से पांच डिग्री तक बढ़ गया है. आज सोमवार (13 जुलाई) को एक बार फिर गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में भारी बारिश के संकेत हैं. इसके साथ ही आठ जिलों में तेज हवाओं और आंधी के साथ भारी बारिश की बड़ी चेतावनी दी गई है. दक्षिण बिहार में मॉनसून कुछ कमजोर रहेगा लेकिन पटना समेत कई दिनों में हल्की या मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है.
मौसम विभाग की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक, आज कटिहार और किशनगंज में अत्यधिक भारी बारिश, गरज, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का पूर्वानुमान है. तो वहीं अररिया, बांका, भागलपुर, मधेपुरा, पूर्णिया और सुपौल जिले में गरज-चमक और तेज हवा के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा जमुई, खगड़िया, मुंगेर और सहरसा में भी मूसलाधार बारिश, बिजली गिरने और तेज हवा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट
मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर मध्य और दक्षिण मध्य जिलों और उत्तर पश्चिम के कई जिलों में बारिश की भविष्यवाणी की है. हालांकि आज दक्षिण बिहार के अरवल, भोजपुर, बक्सर, भभुआ, औरंगाबाद और रोहतास में मॉनसून कमजोर रहने की संभावना है. जबकि पटना, लखीसराय, नालंदा, जहानाबाद, गयाजी, नवादा, शेखपुरा में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है और तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट हो सकती है. आज सोमवार को अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट का अनुमान है.
यह भी पढ़ें: बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर के नामांकन से पहले जेडीयू नेता का बड़ा बयान, ‘बीजेपी के लिए…’
आज सुबह से ही बारिश का असर देखने को मिला. मौसम विभाग ने आज सुबह 4:05 बजे से 7:05 बजे तक 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और इन जिलों में बारिश हो सकती है. इनमें अररिया, बेगुसराय, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, खगड़िया, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सारण, शिवहर, सीतामढी, सीवान, सुपौल, वैशाली और पश्चिमी चंपारण जिले शामिल हैं. तो वहीं देर रात 2 से 3:00 बजे के बीच पटना और भोजपुर जिले के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई.
मौसम विभाग ने कल मंगलवार से राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना जताई है. कल मंगलवार से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा और मॉनसून में कमजोरी आ सकती है जो 16 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है. 17 जुलाई से एक बार फिर मॉनसून में बदलाव की संभावना है.
पिछले रविवार को बिहार में तापमान में बढ़ोतरी हुई और अधिकांश जिलों में गर्मी बरकरार रही. अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गयी. भभुआ में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं राजधानी पटना में 4.7 डिग्री बढ़ोतरी के साथ 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. अधिकांश जिलों में तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रहा. सबसे कम तापमान मुजफ्फरपुर में 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि केवल एक जिले सीवान में 75.6 मिमी बारिश के साथ भारी बारिश हुई. जबकि अररिया में 62.6, गोपालगंज में 52.4, किशनगंज में 44.8 मिमी के साथ मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गयी. उत्तर बिहार के कई जिलों में मध्यम से हल्की बारिश हुई.
यह भी पढ़ें: खान साहब और उनके दो बॉडीगार्ड की जमानत पर कोर्ट का फैसला, राहत या झटका?






Leave a Reply