हर साल की तरह इस बार भी सरकार श्रावणी मेले को लेकर बेहतर तैयारी करने जा रही है. श्रावणी मेला 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगा, जिसके लिए बिहार सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से कांवरियों के लिए व्यापक व्यवस्था की जा रही है. बुधवार (जुलाई 15, 2026) को पर्यटन विभाग के मंत्री केदार गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तैयारियों के बारे में विस्तार से बताया.
केदार गुप्ता ने कहा कि कांवडियों के लिए भागलपुर, मुंगेर और बांका जिले के सुल्तानगंज, धोबई, खैरा, संग्रामपुर, धौरी, गोड़ियारी और अबरखा में टेंट सिटी बनायी जायेगी. वहीं गरीबनाथ मंदिर के लिए सारण और मुजफ्फरपुर जिले के कांवरियों के लिए पहलेजा घाट, आरडीएस कॉलेज, बिठौली, तुर्की, गोरौल और रजला में टेंट सिटी का निर्माण कराया जायेगा. शौचालय, बिस्तर आदि सभी सुविधाओं की व्यवस्था होगी।
श्रावणी मेले में लेजर शो…ड्रोन शो
बताया गया कि पर्यटन विभाग पहली बार टेंट सिटी के पास लेजर शो और सुल्तानगंज में ड्रोन शो का आयोजन करेगा. उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता के लिए कांवरिया पथ पर एक अस्थायी पर्यटक सूचना केंद्र भी काम करेगा. पर्यटक गाइडों की भी प्रतिनियुक्ति की जायेगी. कांवरिया पथ पर बने अस्थायी पर्यटक सूचना केंद्र के माध्यम से नि:शुल्क श्रावणी मेला ब्रोशर का वितरण किया जायेगा.
यह भी पढ़ें- छोटू सिंह के समर्थन में निशांत कुमार के सामने लगे नारे, जेडीयू दफ्तर के बाहर जमकर हंगामा
सोशल मीडिया प्रभावित करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा
वहीं पर्यटन मंत्री ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के लिए भी खुशखबरी दी. उन्होंने कहा कि इस बार सोशल मीडिया पर संदेश फैलाने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा. इस बार सावन महीने में चार सोमवार (3 अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त और 24 अगस्त) हैं और सोमवार को सुल्तानगंज, अबरखा और खैरा स्थित टेंट सिटी में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि अगर किसी भी राज्य का कोई प्रतियोगी (प्रभावक) श्रावणी मेला की रील बनाता है और मेले से संबंधित वह रील अधिक से अधिक लोकप्रिय (वायरल) हो जाती है, तो उसे 3 लाख रुपये तक का पुरस्कार मिल सकता है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसके लिए कम से कम 25000 फॉलोअर्स होना अनिवार्य है. नियमों की सारी जानकारी पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है.
यह भी पढ़ें- चुनाव के बीच प्रशांत किशोर को बड़ा झटका, केसी सिन्हा समेत जन सुराज के कई नेता बीजेपी में शामिल






Leave a Reply