भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर (भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर) इस मामले में सोमवार (जून 29, 2026) को बक्सर विधानसभा से बीजेपी विधायक और पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा पीड़ित परिवार से मिलने बिलौटी गांव पहुंचे. उन्होंने भरत तिवारी के पिता और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की. उनकी बातें सुनीं.
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए आनंद मिश्रा ने कहा कि मामला फिलहाल न्यायिक जांच के अधीन है और उन्हें विश्वास है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाएगी. उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच जिला पुलिस की बजाय सीआईडी को सौंपी जानी चाहिए, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके.
गिरफ्तारी में देरी पर उठाए सवाल
पूर्व आईपीएस अधिकारी ने गिरफ्तारी में देरी पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर मुख्यमंत्री से बात करेंगे और यह जानने की कोशिश करेंगे कि गिरफ्तारी को लेकर सरकार का क्या रुख है. उन्होंने कहा कि सिर्फ इतना ही काफी नहीं है कि न्याय हो रहा है, बल्कि लोगों को यह भी देखना चाहिए कि न्याय हो रहा है.
डीके बसु की गाइडलाइन का जिक्र किया
आनंद मिश्रा ने कहा कि यदि वायरल वीडियो में यह दिख रहा है कि भरत तिवारी ने हथियार फेंका था और फिर उन्हें गोली मार दी गयी, तो यह सामान्य न्याय के सिद्धांतों और डीके बसु गाइडलाइन की भावना के खिलाफ प्रतीत होता है. उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी कानून इसका समर्थन नहीं करता है और इस पूरे मामले को मानवाधिकार के नजरिए से भी देखा जाना चाहिए. उनके मुताबिक इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और जांच के आधार पर दोषी का फैसला किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- एनकाउंटर केस: भरत तिवारी मामले में अब नया विवाद शुरू, प्रशासन ने कहा- ‘जिस जमीन पर…’
‘एसटीएफ को बुलाने का फैसला…’
उन्होंने यह भी कहा कि अतिरिक्त पुलिस बल या एसटीएफ बुलाने का निर्णय स्थानीय पुलिस के अनुरोध पर ही लिया जाता है. ऐसे में प्रारंभिक तौर पर यह साफ है कि कहीं न कहीं स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं.
12 दिन बाद परिवार से मिलने के सवाल पर आनंद मिश्रा ने कहा कि वह निजी कारणों से बाहर थे, लेकिन पूरी घटना की जानकारी लेने के लिए स्थानीय विधायक, डीआइजी और एसपी से संपर्क में रहे. उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते भरत तिवारी की समस्याओं और उनकी मांगों को गंभीरता से लिया गया होता तो शायद आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती.
यह भी पढ़ें- रिशु श्री टेंडर घोटाला: तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार से मांगा 20 सवालों का जवाब, ‘एक छोटा ठेकेदार…’






Leave a Reply