भरत तिवारी के भाई को धमकी देने के आरोप पर पुलिस का बयान, ‘मृतक के परिजनों ने खुद…’

बहुचर्चित भरत तिवारी मामले में भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पर लगे धमकी के आरोप को लेकर अब भोजपुर पुलिस ने अपना पक्ष रखा है. एसपी कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी बयान में सोशल मीडिया और कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म पर चल रही उस खबर का खंडन किया गया, जिसमें दावा किया गया था कि एसपी ने मृतक भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी को एक तरफ कर दिया था और उन्हें धमकी दी थी. पुलिस ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह भ्रामक, तथ्यहीन और निराधार बताया है.

पुलिस के मुताबिक, एसपी भोजपुर भरत तिवारी के परिजनों से मिलने उनके घर सिर्फ संवेदना व्यक्त करने और घटना की निष्पक्ष जांच के लिए परिवार का पक्ष जानने आये थे. पुलिस का कहना है कि उनका मकसद पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाना था कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाएगी. इस दौरान घर के मुख्य दरवाजे पर शाहपुर थाने की एक महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थी.

बिहार: क्या एनकाउंटर मामले में घुसेंगे राहुल गांधी? कांग्रेस नेता बोले- ‘बहादुर थे भरत तिवारी’

परिजनों के कहने पर अलग से बातचीत हुई

बयान में कहा गया है कि बातचीत के दौरान मृतक के परिजनों ने खुद एसपी से भीड़ से कुछ कदम दूर जाकर बात करने का अनुरोध किया था. इस अनुरोध के बाद 3 से 4 कदम की दूरी पर सामान्य बातचीत हुई. इस दौरान परिवार ने अपनी सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की. पुलिस का कहना है कि इस बातचीत को गलत तरीके से पेश किया गया है और इसे धमकी की घटना कहना पूरी तरह से गलत है.

भोजपुर पुलिस ने साफ कहा है कि एसपी की ओर से किसी तरह की धमकी या दबाव की कोई घटना नहीं हुई है. विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि ऐसा प्रतीत होता है कि चंदन तिवारी का बयान किसी बाहरी व्यक्ति के प्रभाव में आकर दिया गया है. हालांकि, पुलिस ने किसी व्यक्ति या संगठन का नाम नहीं लिया.

भ्रामक खबरों से बचने की अपील

भोजपुर पुलिस ने कहा कि वह पूरी संवेदनशीलता के साथ भरत तिवारी के परिवार के साथ खड़ी है और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए प्रतिबद्ध है. साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर फैली अपुष्ट और भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें. पुलिस ने कहा कि किसी भी मामले में आधिकारिक सूचना को ही सही माना जाना चाहिए, ताकि अफवाहों से बचा जा सके और जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो.

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग तेज, महापंचायत संयोजक बोले- ’30 जून तक सरकार…’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *