बिहार के मुजफ्फरपुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. बुधवार (जुलाई 15, 2026) सुबह युवक का शव मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ ढाब की है. हत्या रात में की गयी. घटना के पीछे का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मौके से जो तस्वीर सामने आई है उसमें दिख रहा है कि बाइक साइड स्टैंड पर लगी हुई है और युवक का शव बाइक की टंकी पर पड़ा हुआ है. घटना की जानकारी आसपास के लोगों को तब हुई जब सुबह ग्रामीण शौच के लिए निकले. इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई.
युवक किराये के मकान में रहता था
मृतक की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र निवासी राकेश कुमार (उम्र करीब 30 वर्ष) के रूप में की गयी है. युवक फिलहाल कोल्हुआ चौक स्थित गांधी नगर में किराये के मकान में रहता था. घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा मौके पर पहुंचीं. पूरे मामले की जानकारी ली.
यह भी पढ़ें- ईरान के मिसाइल हमले में बिहार के युवक की मौत, गोपालगंज के रोहन कुमार थे मरीन इंजीनियर
मोहल्ले के लोगों से विवाद हो गया
घटना के संबंध में परिजनों के मुताबिक कुछ माह पहले राकेश का मोहल्ले के कुछ लोगों से विवाद हुआ था. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया. चार-पांच दिन पहले ही जेल से आया था. परिजनों का कहना है कि बीते मंगलवार की देर रात उसे बुलाया गया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गयी और शव को बाइक पर रखकर सुनसान जगह पर छोड़ दिया गया. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि बाइक पर एक युवक का शव मिला है. प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई है कि उनकी मौत सिर में गोली लगने से हुई है. इस मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिवार का भी बयान लिया जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि उसका आपराधिक रिकॉर्ड है. परिजनों से जानकारी जुटाई जा रही है। सभी पहलुओं पर जांच जारी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है. बाइक को जब्त कर लिया गया है. जब्त बाइक वैशाली जिले के एक युवक की है.
यह भी पढ़ें- बांकीपुर से राजद ने मानी हार! पार्टी के वरिष्ठ नेता का दावा- प्रशांत किशोर का पलड़ा भारी है






Leave a Reply