बीजेपी ने बांकीपुर से नीरज कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है. इसी बीच उन्होंने ऐसा बयान दे दिया है कि अब उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बयान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को लेकर है. वह बांकीपुर से विधायक थे. उनके इस्तीफे के बाद यह उपचुनाव हो रहा है. इस बीच, नीरज कुमार सिन्हा ने कहा है कि उन्होंने नितिन नवीन को चुनाव लड़वाया है.
मंगलवार (जुलाई 14, 2026) को मीडिया से बात करते हुए, नीरज ने कहा, “मैं बूथ स्तर का कार्यकर्ता रहा हूं। मैं मंडल अध्यक्ष रहा हूं। मैंने चुनाव लड़ा है। नितिन भैया को चुनाव लड़वाया है, वह बांकीपुर से जीते थे… उनके लिए काम किया।”
मीडिया से बातचीत के दौरान नीरज सिन्हा बार-बार काम शब्द का उच्चारण कर रहे थे, जिसके चलते सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें घेरना शुरू कर दिया. नितिन नवीन के बारे में नीरज सिन्हा मीडिया से कहते हैं, “मैंने उनके लिए कार की… कार (काम) उन्होंने सिखाया… कार करते-करते वे राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए… और काम करते-करते मैंने उन्हें आगे बढ़ाया है।”
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव पर अनंत सिंह की पहली प्रतिक्रिया, अपने अंदाज में दिया ये जवाब
‘मैंने चुनाव लड़ा है…’
नीरज सिन्हा मीडिया के सामने ठीक से बोल नहीं पा रहे हैं, जिसके चलते विपक्षी नेता उन्हें घेर रहे हैं. हालांकि, नीरज ने दावा किया है कि उनकी जीत पक्की है. मीडिया से कहा, “मैंने बूथ स्तर पर काम किया है, इसलिए जीत तय है. बीजेपी ने मुझे जो मौका दिया है, उसकी मैंने कल्पना भी नहीं की थी.” राजद और प्रशांत किशोर की चुनौती पर उन्होंने कहा, “चुनौती क्या होगी…मैं चुनाव लड़ चुका हूं…जीत चुका हूं। मेरे कार्यकर्ता ही मेरी ताकत हैं।”
कांग्रेस ने बोला हमला
इस बयान पर बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा, “बीजेपी इस चुनाव में बुरी तरह फंस गई है. राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट जीतने के लिए वह हर हथकंडा अपना रही है, लेकिन उम्मीदवार का चयन गलत हो रहा है.”
कांग्रेस नेता ने कहा कि सबसे शिक्षित विधानसभा क्षेत्र में ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया गया है कि वह ठीक से दो शब्द बोलकर भी अपनी बात नहीं कह पा रहे हैं. अब जो लोग अपनी बात नहीं रख पा रहे, वे क्या सदन में और समस्याओं के समाधान में जनता की बात रख पाएंगे? भाजपा में हमेशा अपरिपक्व लोगों को ही पद मिलते हैं क्योंकि वोट चुराकर और जनमत को हाईजैक करके ये लोग सरकार तो बना लेते हैं, लेकिन जनता की जरूरतों को पूरा नहीं कर पाते।
यह भी पढ़ें- 2024 में ग्रेजुएट और अकाउंट में 9 लाख, मैट्रिक के बाद इंटर नहीं? बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा को घेरा






Leave a Reply