भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे में रोहित शर्मा के शानदार शतक की तारीफ की है. शास्त्री ने कहा कि रोहित ने अपने बल्ले से आलोचकों को करारा जवाब दिया है. वहीं, पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी साफ कहा कि जब तक रोहित शर्मा और विराट कोहली खुद खेलना चाहेंगे, उन्हें कोई टीम से बाहर नहीं कर सकता.
‘बल्ले से दिया करारा जवाब’
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले रोहित शर्मा के संन्यास को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं. हालांकि लॉर्ड्स में 138 रन की शानदार पारी खेलने के बाद इन अटकलों पर विराम लग गया. द हंड्रेड 2026 के ओपनिंग मैच के दौरान कमेंट्री करते हुए रवि शास्त्री ने कहा, ‘हिटमैन अब पूरी तरह से निश्चिंत होंगे, क्योंकि उन्होंने अपने आलोचकों का मुंह बंद कर दिया है। आखिरी वनडे से पहले उनके भविष्य को लेकर काफी शोर था, लेकिन उन्होंने 138 रन बनाकर बल्ले से करारा जवाब दिया. लॉर्ड्स में यह उनका पहला वनडे शतक था.
रोहित द हंड्रेड में नजर आए थे
लॉर्ड्स वनडे के बाद लंदन के किआ ओवल में द हंड्रेड 2026 के पहले मैच के दौरान रोहित शर्मा को स्टैंड में मैच देखते देखा गया। इस दौरान रवि शास्त्री ने उनकी पारी का जिक्र करते हुए कहा कि रोहित ने अपने प्रदर्शन से सभी सवालों का जवाब दे दिया.
अश्विन का बड़ा दावा
पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य पर खुलकर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा, ‘अगर रोहित और विराट खेलना चाहें तो उन्हें कोई छू भी नहीं सकता. रोहित के नाम लगभग 12 हजार वनडे रन हैं. उनके रिकॉर्ड ही उनकी ताकत हैं. लोग उन्हें देखने के लिए मैदान में आते हैं. अगर ऐसे खिलाड़ियों को बाहर किया गया तो बड़ा विवाद खड़ा हो जाएगा.
रोहित का लक्ष्य 2027 विश्व कप है
अश्विन ने कहा कि रोहित शर्मा अब किसी को कुछ भी साबित करने के लिए नहीं खेल रहे हैं. उनके मुताबिक, ‘रोहित को अब खुद को किसी के सामने साबित करने की जरूरत नहीं है। उनकी एकमात्र प्रेरणा यह है कि वह 2027 वनडे विश्व कप खेलना चाहते हैं। इसी लक्ष्य के लिए वह खुद को तैयार कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- धीमी स्ट्राइक रेट पर उठ रहे हैं सवाल, तिलक वर्मा बोले- परिस्थितियों के हिसाब से खेलता हूं
लॉर्ड्स में यादगार पारी खेली
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में रोहित शर्मा ने 110 गेंदों में 138 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने पहले विकेट के लिए शुबमन गिल के साथ 147 रन और दूसरे विकेट के लिए विराट कोहली के साथ 113 रन की पार्टनरशिप की. हालांकि, उनकी शानदार पारी के बावजूद भारत मैच और सीरीज जीतने में सफल नहीं हो सका.
ये भी पढ़ें- क्या कोई कह सकता है कि राहुल द्रविड़ ने बिना योजना के कुछ किया? वनडे वर्ल्ड कप पर चल रही बहस पर क्या बोले अश्विन?






Leave a Reply