वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास नाव दुर्घटना में जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के शव सोमवार (13 जुलाई) को भारत भेजे जाएंगे। हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने इस संबंध में जानकारी साझा की है. दूतावास ने सोशल मीडिया पर कहा कि शवों को वियतनाम एयरलाइंस की उड़ान वीएन-979 से हो ची मिन्ह सिटी से मुंबई ले जाया जाएगा।
दूतावास ने कहा, ‘यह उड़ान स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे हो ची मिन्ह सिटी से रवाना होगी और भारतीय समयानुसार रात 9.35 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी।’
दूतावास ने कहा कि संबंधित राज्य सरकारों को इस बारे में सूचित कर दिया गया है और उनसे प्रभावित परिवारों के साथ समन्वय करने और शवों को उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है. इस हादसे में मारे गए 15 लोगों में से 10 तमिलनाडु, तीन आंध्र प्रदेश और दो केरल के रहने वाले थे. मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं. दूतावास ने कहा, ‘हनोई में भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी में भारतीय वाणिज्य दूतावास मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।’
स्पीडबोट दुर्घटना का शिकार हो गया था
गौरतलब है कि शुक्रवार को 32 भारतीय पर्यटकों और चार स्थानीय चालक दल के सदस्यों को ले जा रही एक स्पीडबोट फु क्वोक द्वीप के पास होन मी रुत नगोई क्षेत्र के पास पलट गई थी। इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई. हादसे में 16 अन्य पर्यटकों को बचा लिया गया और वे इलाज के बाद भारत लौट आए हैं, जबकि एक अन्य जीवित पर्यटक की हालत अभी भी गंभीर है और उसका इलाज फु क्वोक के एक अस्पताल में किया जा रहा है।
दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वियतनामी अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. वियतनाम के समाचार पोर्टल ‘वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल’ के मुताबिक, स्पीडबोट के संचालक को रविवार को हिरासत में ले लिया गया. फु क्वोक वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप है और यह अपने सफेद रेतीले समुद्र तटों, मूंगा चट्टानों और द्वीप भ्रमण के लिए एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है।
यह भी पढ़ें: बहरीन, कुवैत और जॉर्डन… धू-धू कर जल उठा मध्य पूर्व, अमेरिकी ठिकानों पर ईरान का घातक हमला, ट्रंप को करारा जवाब






Leave a Reply