करीब छह महीने के लंबे इंतजार के बाद विराट कोहली एक बार फिर भारतीय टीम की नीली जर्सी में मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं. इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई से शुरू होने वाली वनडे सीरीज न सिर्फ उनकी वापसी हो सकती है बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड बनने और टूटने की शुरुआत भी हो सकती है.
जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी वनडे मैच खेलने के बाद कोहली मैदान से दूर रहे थे. चोट के कारण वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज भी नहीं खेल सके. अब उनकी पूरी तैयारी इंग्लैंड के खिलाफ वापसी पर टिकी है. टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट और अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप पर फोकस कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें-विंबलडन 2026: कौन हैं यानिक सिनर? स्कीइंग छोड़ टेनिस चुना, अब लगातार दूसरी बार विंबलडन चैंपियन बने
इस सीरीज में सबसे ज्यादा फोकस उनके 15000 वनडे रनों के आंकड़े पर रहेगा. कोहली के नाम फिलहाल 311 मैचों की 299 पारियों में 14797 रन हैं। इस खास मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें सिर्फ 203 रनों की जरूरत है. अगर वह इंग्लैंड सीरीज में यह आंकड़ा हासिल कर लेते हैं तो वनडे इतिहास में 15000 रन बनाने वाले दुनिया और भारत के दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे.
इंग्लैंड के खिलाफ पहला वनडे कोहली के लिए एक और खास मौका लेकर आएगा. बल्लेबाजी के लिए उतरते ही वह अपने वनडे करियर की 300वीं पारी खेलेंगे. इतने लंबे समय तक फिट रहकर शानदार प्रदर्शन करना और टीम का भरोसेमंद बल्लेबाज बने रहना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है.
कोहली के पास एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है. सचिन तेंदुलकर ने 15000 वनडे रन पूरे करने के लिए 359 पारियां खेलीं. विराट ने अब तक 299 पारियां खेली हैं. ऐसे में अगर वह इस सीरीज में 203 रन बना लेते हैं तो सबसे तेज 15000 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे.
वनडे क्रिकेट में कोहली की निरंतरता उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है. उनका बल्लेबाजी औसत 58.71 है और स्ट्राइक रेट 90 से ऊपर रहता है. अब तक उन्होंने 54 शतक और 77 अर्धशतक बनाए हैं. उनका उच्चतम स्कोर 183 रन है.
2008 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाले विराट कोहली ने पिछले 18 सालों में खुद को दुनिया के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल किया है। कप्तानी, दबाव और बुरे दौर के बावजूद उन्होंने लगातार रन बनाकर अपनी अलग पहचान बनाई है.
इंग्लैंड के खिलाफ ये सीरीज सिर्फ वापसी नहीं बल्कि इतिहास लिखने का मौका है. अगर विराट का बल्ला चला तो क्रिकेट जगत एक और ऐसा रिकॉर्ड देखेगा, जिसे आने वाले कई सालों तक याद रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें-सौरव गांगुली और अंजुम चोपड़ा ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल, कुल सदस्यों की संख्या पहुंची 125






Leave a Reply