बिहार क्रिकेट लगातार नई प्रतिभाओं को देश में ला रहा है. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरीं, वहीं अब बिहार के एक और युवा खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है. पूर्वी चंपारण की 19 वर्षीय बल्लेबाज अक्षरा गुप्ता ने अंडर-19 क्रिकेट में तिहरा शतक जड़कर सनसनी मचा दी है. बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में अक्षरा ने ऐसी पारी खेली जो लंबे समय तक याद रखी जाएगी. उन्होंने महज 126 गेंदों में 306 रन बनाकर विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की.
55 चौकों और 8 छक्कों से सजी ऐतिहासिक पारी
18 जून को भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में खेले गए मैच में अक्षरा गुप्ता ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया. टीम-ए के लिए ओपनिंग करने आए इस युवा बल्लेबाज ने पहली ही गेंद से रन बनाने का सिलसिला शुरू कर दिया. अक्षरा ने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद उन्होंने महज 34 गेंदों में शतक जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए. शतक के बाद भी उनका बल्ला नहीं रुका और वह लगातार बड़े शॉट खेलती रहीं. अक्षरा ने 126 गेंदों की अपनी यादगार पारी में 306 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 55 चौके और 8 छक्के निकले. मैदान के हर कोने में उनके शॉट्स ने दर्शकों को हैरान कर दिया.
टीम ए ने 450 रन का विशाल स्कोर बनाया
अक्षरा के तिहरे शतक के अलावा सलोनी कुमारी ने भी उपयोगी योगदान दिया. उन्होंने 57 रनों की पारी खेली, जिसकी मदद से टीम ए ने निर्धारित ओवरों में 450 रनों का विशाल स्कोर बनाया. इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम सी शुरुआत से ही दबाव में दिखी. बल्लेबाज बड़ी साझेदारियां बनाने में नाकाम रहे और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
329 रनों से दर्ज की गई एकतरफा जीत
विशाल लक्ष्य के सामने टीम सी की बल्लेबाजी पूरी तरह से बिखर गयी. पूरी टीम 21.3 ओवर में महज 121 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस तरह टीम ए ने 329 रनों के बड़े अंतर से मैच जीत लिया. अक्षरा की रिकॉर्डतोड़ पारी इस जीत की सबसे बड़ी वजह रही. मैच के बाद अक्षरा गुप्ता ने अपने क्रिकेट सफर के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि क्रिकेट खेलने की प्रेरणा उन्हें अपने भाई से मिली. अपने भाई को खेलते देखकर उनकी रुचि भी खेलों में बढ़ी और बाद में परिवार के सहयोग से उन्होंने क्रिकेट को गंभीरता से लिया। अक्षरा पिछले दो वर्षों से बिहार की राज्य टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इस मैच से पहले उनका उच्चतम स्कोर अंडर-15 क्रिकेट में 75 रन और अंडर-19 स्तर पर 60 रन था.
ये भी पढ़ें- कभी नंबर 5, कभी 6 तो कभी 7… केएल राहुल की भूमिका से पूर्व चयनकर्ता चिंतित, उठाए बड़े सवाल
भविष्य के प्रति उम्मीदें बढ़ीं
306 रनों की इस विस्फोटक पारी ने अक्षरा गुप्ता को चर्चा के केंद्र में ला दिया है. कम उम्र में उनकी बल्लेबाजी क्षमता और बड़े स्कोर बनाने की भूख को देखते हुए क्रिकेट विशेषज्ञ उन्हें भविष्य के संभावित सितारे के रूप में देख रहे हैं। अगर उनका प्रदर्शन इसी तरह जारी रहा तो वह आने वाले सालों में भारतीय महिला क्रिकेट में अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं और स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर जैसी दिग्गज खिलाड़ियों की राह पर आगे बढ़ सकती हैं।
ये भी पढ़ें- MLC T20 LEAGUE: आईपीएल 2026 में 0,0 पर आउट, अब MLC T20 लीग में पहुंचते ही जड़ा शतक, बनाए इतने रन





Leave a Reply