क्रिकेट में बल्लेबाज अक्सर अपने बड़े शॉट्स और रिकॉर्डतोड़ पारियों के लिए चर्चा में रहते हैं। लेकिन इस बार सुर्खियां एक ऐसे खिलाड़ी ने बटोरी हैं जिसे दुनिया मुख्य रूप से उनकी गेंदबाजी के लिए जानती है। हम बात कर रहे हैं भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल की.
चहल ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन के लोकप्रिय यूट्यूब शो में शामिल होकर ‘स्कोर 100’ चुनौती स्वीकार की। इस चैलेंज का मकसद कम से कम गेंदों में 100 रन तक पहुंचना है. चहल ने महज 29 गेंदों में यह लक्ष्य हासिल कर लिया और इस दौरान एबी डिविलियर्स के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: जब टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने नहीं मिलाया हाथ तो परेशान हुए पाक कोच, बोले- ‘कोई बात नहीं अगर…’
हालाँकि, इस उपलब्धि के साथ एक दिलचस्प बात भी जुड़ी है। यह कोई आधिकारिक क्रिकेट मैच नहीं था. चैलेंज के नियमों के मुताबिक खिलाड़ी आउट होने के बाद भी बल्लेबाजी जारी रख सकता है. चहल इस दौरान दो बार आउट भी हुए, लेकिन उन्हें अपनी पारी आगे बढ़ाने के मौके मिलते रहे. इस कारण उनके 100 रन लगातार एक पारी में नहीं बल्कि कई कोशिशों में पूरे हुए.
इस चैलेंज का फॉर्मेट काफी अनोखा है. बल्लेबाज को कुल 50 गेंदें मिलती हैं. प्रत्येक अगली गेंद की गति पिछली गेंद से अधिक हो जाती है। इसका मकसद बल्लेबाज की तकनीक, प्रतिक्रिया और बड़े शॉट खेलने की क्षमता को परखना है. इस चैलेंज में दुनिया के कई मशहूर बल्लेबाजों ने हिस्सा लिया है.
सोशल मीडिया पर चहल के इस प्रदर्शन की तुलना आईपीएल 2025 में वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी से भी की जा रही है. वैभव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 35 गेंदों में शतक लगाया था. हालाँकि यह उपलब्धि एक आधिकारिक टी20 मैच में आई, लेकिन चहल का रिकॉर्ड एक विशेष बल्लेबाजी चुनौती के दौरान बना।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चहल के बल्लेबाजी रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उन्होंने भारत के लिए 73 वनडे और 80 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. इन मैचों में उनके नाम कुल 83 रन दर्ज हैं. इनमें से 77 रन वनडे और 6 रन टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आए हैं.
चहल ने घरेलू क्रिकेट में भी कुछ उपयोगी पारियां खेली हैं. रणजी ट्रॉफी 2024-25 में हरियाणा के लिए खेलते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश के खिलाफ 152 गेंदों में 48 रन बनाए। यह उनके करियर की सबसे उल्लेखनीय बल्लेबाजी पारियों में गिनी जाती है।
हालांकि, चहल की असली पहचान हमेशा उनकी गेंदबाजी ही रही है। वनडे क्रिकेट में उनके नाम 121 विकेट हैं, जबकि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने 96 बल्लेबाजों को आउट किया है। बेंगलुरु में 25 रन पर 6 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ टी20 इंटरनेशनल प्रदर्शन है. वनडे क्रिकेट में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 42 रन देकर 6 विकेट लेकर इतिहास रच दिया.
युजवेंद्र चहल का यह नया रिकॉर्ड भले ही किसी आधिकारिक मैच में सामने न आया हो, लेकिन इसने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्रिकेट में किसी भी दिन किसी भी खिलाड़ी से कुछ भी देखने को मिल सकता है। गेंद से कमाल करने वाला ये खिलाड़ी इस बार बल्ले से सुर्खियां बटोरने में कामयाब रहा.
वाराणसी क्रिकेट स्टेडियम: 90 फीसदी काम पूरा, जानिए कब तैयार होगा यूपी का तीसरा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम?






Leave a Reply