कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) सरकार के साथ समझौते में यह डील हुई थी कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ जो भी एफआईआर दर्ज की गई है उसे वापस ले लिया जाएगा. डील के बाद भी छात्रों और युवाओं के खिलाफ हो रही कार्रवाई को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. बिहार में आज (सोमवार) कांग्रेस और राजद की ओर से प्रतिक्रिया आई है. राजद ने जहां आंदोलन की चेतावनी दी है, वहीं कांग्रेस ने सरकार को धोखेबाज बताया है.
राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा, “जेपी नड्डा जी ने जो समझौता किया था, उससे पीछे हट रहे हैं. जब छात्रों ने विरोध किया तो शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दे दिया. यह भी वादा किया गया था कि छात्रों-युवाओं पर कोई कार्रवाई नहीं होगी, अब छात्रों या सहयोग करने वालों पर कार्रवाई हो रही है. वह भी ऐसा मामला है, जिसका आंदोलन से कोई लेना-देना नहीं है…307 तक लगाया जा रहा है.”
बिहार में भी होगा इस्तीफा: शक्ति यादव
शक्ति यादव ने कहा कि इस बार बिहार की बारी है. बिहार में बड़े पैमाने पर छात्र जुटेंगे और बिहार में भी इस्तीफे होंगे. छात्र संगठित होकर सरकार को इस्तीफा देने पर मजबूर कर देंगे. उन्होंने कहा कि ऐसी कोई प्रतिबद्धता नहीं थी कि केवल नाबालिग छात्रों को ही रिहा किया जाएगा. यह (सरकार) बच्चों का भविष्य बर्बाद करना चाहती है.
यह भी पढ़ें- बिहार में प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी पर CJP की दो टूक, ‘भरोसा…’
राजद नेता ने कहा कि भाजपा देश के युवाओं का भविष्य बर्बाद करना चाहती है. उनके अधिकारों को छीनना चाहती है. बेरोजगारी और महंगाई पर कोई चर्चा नहीं है. युवाओं का भविष्य कैसे बर्बाद किया जाए इस पर ही चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि हमारे नेता तेजस्वी यादव ने कल (रविवार) ही कहा था कि अगर गिरफ्तार छात्रों और युवाओं को रिहा नहीं किया गया तो बिहार में उग्र आंदोलन होगा.
कांग्रेस ने धोखे की बात की
बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने कहा कि यह धोखेबाजों की सरकार है. उसने सभी को धोखा दिया है. अगर इस सरकार ने छात्रों को धोखा दिया है तो इसमें नया क्या है? छात्रों ने उन पर भरोसा करके गलती की है, लेकिन छात्रों को निश्चिंत रहना चाहिए कि प्रत्येक छात्र के हक की लड़ाई लड़ी जाएगी। कांग्रेस पार्टी किसी को भी जेल में नहीं रहने देगी.
यह भी पढ़ें- सीवान में विरोध प्रदर्शन में AK47 चलाने वाला पुलिसकर्मी निलंबित, कई राउंड फायरिंग की






Leave a Reply