News4Life

Life Changing News & Views

बिहार: डिप्टी सीएम के करीबी के लिए बदला एक्सप्रेसवे का रूट? अब विभाग का बयान आया

पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड को लेकर लोगों का आरोप है कि इस एक्सप्रेस-वे का रूट बदल दिया गया है. बिहार के डिप्टी सीएम विजय चौधरी के किसी करीबी की जमीन बचाने के लिए रूट बदला गया है. सोमवार (जून 15, 2026) को जैसे ही यह खबर मीडिया में आई, शाम को विभाग की ओर से स्पष्टीकरण दिया गया।

पथ निर्माण विभाग (बिहार) के सचिव पंकज कुमार पाल ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का कोई बदलाव नहीं किया गया है. भूमि अधिग्रहण की चल रही पूरी प्रक्रिया पूरी तरह से मूल रूप से सहमत संरेखण के अनुसार संचालित की जा रही है।

‘दावा जमीनी हकीकत और तथ्यों से परे है’

बयान जारी करते हुए सचिव ने कहा कि परियोजना के किलोमीटर 48 से 53 के बीच बदलाव का दावा जमीनी हकीकत और तथ्यों से पूरी तरह परे है. हाल ही में प्रकाशित (06.03.2026) 3ए अधिसूचना उसी मूल संरेखण पर आधारित है जिसे जनवरी 2025 में अनुमोदित किया गया था। समाचार पत्र में दिखाया गया कथित संरेखण मानचित्र वास्तविक तथ्यों पर आधारित नहीं है।

यह भी पढ़ें- खान सर और रोशन आनंद विवाद के बीच सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा कदम, ‘सभी कोचिंग सेंटर…’

विभाग की ओर से यह भी बताया गया कि केएसआर कॉलेज का मुख्य भवन पूरी तरह सुरक्षित है. एक्सप्रेस-वे के कारण कॉलेज की खाली जमीन का कुछ हिस्सा ही अधिग्रहण के दायरे में आ रहा है, जिससे मुख्य कॉलेज भवन को कोई नुकसान नहीं होगा। वर्तमान संरेखण का चयन करते समय, मानव विस्थापन को न्यूनतम रखने का हर संभव प्रयास किया गया है।

बताया गया कि प्रारंभिक मानचित्रण के अनुसार वर्तमान स्वीकृत संरेखण में केवल 65 आवासीय/व्यावसायिक संरचनाएं प्रभावित हो रही हैं। पंकज कुमार पाल ने साफ कहा कि राष्ट्रीय महत्व की इस परियोजना को पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा. लोगों से भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न देने का अनुरोध किया।

आपको बता दें कि इस मामले में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा है कि उन्होंने किसी तरह का कोई राजनीतिक दबाव नहीं डाला है. सरायरंजन मेरा परिवार है. एनएचएआई को पता चल जाएगा कि उसने रूट में बदलाव किया है या नहीं। उनके बयान और खबर के बाद अब विभाग की सफाई आई है.

यह भी पढ़ें- पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे पर हंगामा, समस्तीपुर में डिप्टी सीएम विजय चौधरी के करीबी के लिए रूट बदलने का आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *