News4Life

Life Changing News & Views

सम्राट सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 27 आईपीएस का तबादला, विक्रम सिहाग बने सहरसा के एसपी

बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने राज्य की कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से प्रशासनिक अमले में बड़ा फेरबदल किया है. विभाग की ओर से जारी ताजा नोटिफिकेशन के मुताबिक भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 27 और बिहार पुलिस सेवा (BPS) के दो अधिकारियों का तबादला किया गया है. यह आदेश गुरुवार (18 जून 2026) को जारी किया गया है.

गृह विभाग के अवर सचिव दीपक कुमार के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश के तहत कई जिलों के पुलिस कप्तान (एसपी), जिलों के ग्रामीण एसपी, पटना के नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) और विभिन्न सशस्त्र पुलिस बटालियनों के कमांडेंट को बदल दिया गया है.

​इस नये फेरबदल के तहत 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी कुमार गौतम को बेतिया का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. बांका एसपी उपेन्द्र नाथ वर्मा का तबादला औरंगाबाद एसपी के रूप में किया गया है.

वहीं, खगड़िया के एसपी राकेश कुमार को अब बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-5 (पटना) का समादेष्टा नियुक्त किया गया है और उनकी जगह पर पटना के नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) भानु प्रताप सिंह को खगड़िया का नया एसपी बनाया गया है. कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-7 (कटिहार) का कमांडर बनाया गया है, जबकि कटिहार एसपी शिखर चौधरी को अब कैमूर जिले की कमान सौंपी गई है.

एसपी हिमांशु बने शेखपुरा के एसपी

​शेखपुरा के एसपी बलिराम कुमार चौधरी को विशेष शाखा (पटना) में एसपी (सुरक्षा) के पद पर तैनात किया गया है, और उनकी जगह सहरसा के एसपी हिमांशु को शेखपुरा का नया एसपी नियुक्त किया गया है. विशेष शाखा में पदस्थापित एसपी (सुरक्षा) अमितेश कुमार को बांका जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. पश्चिम चंपारण के एसपी शौर्य सुमन को पूर्णिया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में पदोन्नत किया गया है, जबकि पूर्णिया की एसपी स्वीटी सहरावत को विशेष शाखा (पटना) में एसपी (जी) के पद पर भेजा गया है। औरंगाबाद एसपी अंबरीश राहुल को बिहार पुलिस अकादमी (राजगीर) में सहायक निदेशक के पद पर पदस्थापित किया गया है.

यह भी पढ़ें- राजद में रहकर बहन अनुष्का के लिए लड़ी लड़ाई, कौन हैं तेज प्रताप के खिलाफ कोर्ट जाने वाले आकाश यादव?

बगहा एसपी रामानंद कौशल को आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) में एसपी के पद पर स्थानांतरित कर दिया गया है और उनकी जगह बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16 के समादेष्टा राजेश कुमार को बगहा का नया एसपी नियुक्त किया गया है. शिवहर एसपी शुभांक मिश्रा को वैशाली का नया एसपी बनाया गया है, जबकि वैशाली एसपी विक्रम सिहाग अब सहरसा के नये एसपी होंगे.

कोटा किरण कुमार जहानाबाद के नये एसपी होंगे.

बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-10 के समादेष्टा चंद्र प्रकाश को सहायक निदेशक, बिहार पुलिस अकादमी (राजगीर) बनाया गया है, साथ ही उन्हें एसपी, साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई (पटना) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. जहानाबाद के एसपी अपराजित लोहान को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16 (पटना) का समादेष्टा बनाया गया है और उनके स्थान पर पटना नगर पुलिस अधीक्षक (गयाजी), कोटा किरण कुमार को जहानाबाद का नया एसपी नियुक्त किया गया है.

​राजधानी पटना और अन्य बड़े शहरों की कप्तानी में युवा अधिकारियों को भी मौका दिया गया है. पटना के नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार को कटिहार का नया एसपी बनाया गया है और उनके स्थान पर हिलसा (नालंदा) की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलजा को पटना का नया नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) नियुक्त किया गया है. तारापुर, मुंगेर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संकेत कुमार को पटना का नया नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बनाया गया है.

शैलेन्द्र सिंह को शिवहर का एसपी बनाया गया.

भागलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह को शिवहर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि डेहरी, रोहतास के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अतुलेश झा को भागलपुर का नया नगर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। पटना सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिनव को गया का नया नगर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है. पटना की विधि-व्यवस्था उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दिव्यांजलि जयसवाल को गयाजी का नया ग्रामीण एसपी बनाया गया है, जबकि गोगरी, खगड़िया की उपमंडलीय पुलिस अधिकारी साक्षी कुमारी को दरभंगा का नया ग्रामीण एसपी नियुक्त किया गया है.

​बिहार पुलिस सेवा के अधिकारियों की बात करें तो बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-10 (पटना) की समादेष्टा ममता कल्याणी को पटना का नया नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) बनाया गया है. अपराध अनुसंधान विभाग (सीआइडी) में पदस्थापित अपर पुलिस अधीक्षक मनोज राम को नाथनगर स्थित सिपाही प्रशिक्षण विद्यालय का नया प्राचार्य नियुक्त किया गया है.

यह भी पढ़ें- आकाश यादव ने केस दर्ज कराया तो तेज प्रताप की पहली प्रतिक्रिया, ‘मैं साफ कर देना चाहता हूं कि…’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *