मुंगेर: अलग-अलग गंगा घाटों पर नहाने के दौरान हादसों में 6 लोग डूबे, 4 लड़कियों और 1 लड़के का शव बरामद

बिहार के मुंगेर जिले में अलग-अलग गंगा घाटों पर स्नान करने के दौरान पांच लड़कियों और एक लड़के समेत छह लोग डूब गये. पहली घटना मुंगेर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के श्यामपुर बकछपरा गंगा घाट पर हुई. जहां बुधवार (24 जून) को गंगा नहाने गईं पांच लड़कियों के डूबने की खबर मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल हो गया. अब तक चार लड़कियों के शव मिल चुके हैं.

मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद वासुदेवपुर थाना और मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया गया. चार लड़कियों के शव निकालने के बाद पांचवीं की तलाश की जा रही है.

मृत लड़कियों की हुई पहचान

जानकारी के अनुसार, वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के मोहली पंचायत के वार्ड नंबर 9 श्यामपुर निवासी क्रांति पासवान की चार बेटियां संगीता कुमारी (18 वर्ष), विनीता कुमारी (16 वर्ष), संगीता कुमारी (14 वर्ष), चानो पासवान की पुत्री सोनाली कुमारी (12 वर्ष), हिना कुमारी (18 वर्ष) अपनी तीन अन्य सहेलियों के साथ गंगा स्नान करने के लिए श्यामपुर बकछपरा घाट पहुंची थीं.

बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान ये आठों लड़कियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और लापता हो गईं. डूब रही लड़कियों में से तीन को वहां नहा रहे युवकों ने बचा लिया लेकिन पांच को नहीं बचाया जा सका. तेज बहाव के कारण सफल नहीं हो सके।

परिवार में मचा हाहाकार

मृतक संगीता की मां रानी देवी और हिना की मां जतना देवी ने बताया कि घर में पूजा के लिए सभी लोग गंगा स्नान करने गये थे. इसी बीच गहरे पानी में चले जाने के कारण एक-एक कर सभी लड़कियां डूबने लगीं. परिजनों ने बताया कि संगीता और हिना बीए पार्ट वन की छात्रा थीं और बीआरएम कॉलेज में पढ़ती थीं. संगीता की मां का कहना है कि उनकी चार बेटियां थीं और चारों डूब गईं. उन्होंने बताया कि दो लड़के और एक लड़की बचे हैं.

पूर्व बीजेपी विधायक ने की मुआवजे की मांग

वहीं, इस घटना पर बीजेपी के पूर्व विधायक प्रणब कुमार यादव ने दुख जताया है. उन्होंने कहा कि यह दुखद घटना हुई जिसमें एक परिवार की चार लड़कियां डूब गईं जबकि दूसरे परिवार की एक लड़की भी डूब गई. उन्होंने जिला प्रशासन से सभी पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की.

दूसरी घटना में एक युवक की डूबने से मौत हो गयी

दूसरी घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के आदर्श ग्राम टीकारामपुर गंगा घाट पर घटी. यहां गंगा में नहा रहे दो भाइयों में से एक डूबने लगा. छोटे भाई को डूबता देख बड़े भाई पीयूष कुमार पटेल ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन इस दौरान वह खुद भी गंगा की तेज धारा में बह गया. स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को बचाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली. जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी.

युवक का शव गंगा से बाहर निकाला गया।

गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से गंगा में डूबे युवक की तलाश की गई। मृत युवक पीयूष कुमार (16 वर्ष) है, जो सुबोध कुमार का पुत्र है. काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की मदद से पीयूष कुमार का शव गंगा से बाहर निकाला गया. उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

इस बीच, मुंगेर के डीएम निखिल धनराज ने कहा कि आज गंगा में नहाने के दौरान डूबने से पांच लड़कियों और एक लड़के की मौत हो गई. सभी शव मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी.

‘जब उसने सरेंडर कर दिया तो उसे क्यों मारा’, जेडीयू ने सीएम सम्राट की पुलिस को लगाई लताड़!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *