एयर इंडिया फ्लाइट 182 में हुए बम धमाके (कनिष्क विस्फोट) को लेकर भारत चार दशकों से जो बात कहता आ रहा है, उसे कनाडा ने 41 साल बाद आखिरकार मान लिया। 23 जून 1985 को एयर इंडिया की फ्लाइट 182 मॉन्ट्रियल-लंदन-नई दिल्ली मार्ग पर उड़ान भर रही थी, तभी आयरिश हवाई क्षेत्र में लगभग 9,400 मीटर की ऊंचाई पर एक बम विस्फोट के कारण विमान अटलांटिक महासागर में गिर गया। इस हादसे में कुल 329 लोगों की मौत हो गई.
कनाडा ने 41 साल बाद कबूला सच!
इस धमाके के बाद से कनाडा 23 जून को राष्ट्रीय आतंकवाद पीड़ित स्मृति दिवस के रूप में मना रहा है। वैंकूवर, टोरंटो, मॉन्ट्रियल और ओटावा सहित कई कनाडाई शहरों में स्थायी स्मारक स्थापित किए गए हैं। हालांकि, कनाडा ने कभी ये नहीं माना कि खालिस्तानी आतंकियों ने इस विमान में बम लगाया था. अब 41 साल बाद कैनेडियन सिक्योरिटी इंटेलिजेंस सर्विस (CSIS) ने इस बम धमाके में खालिस्तानी आतंकियों का हाथ होने की बात स्वीकार कर ली है.
कनाडा की खुफिया एजेंसी ने कनिष्क बम विस्फोट को आतंकवाद का जघन्य कृत्य बताया और विमान में विस्फोटक उपकरण लगाने के लिए कनाडा स्थित खालिस्तानी आतंकवादियों को दोषी ठहराया। सीएसआईएस ने फेसबुक पर पोस्ट किया, ‘आतंकवाद के पीड़ितों के लिए राष्ट्रीय स्मृति दिवस पर, सीएसआईएस एयर इंडिया फ्लाइट 182 में सवार 329 लोगों को याद करता है, जिन्होंने जघन्य आतंकवादी हमले में अपनी जान गंवा दी थी।’
खालिस्तानी चरमपंथियों ने लगाया था बम: कनाडा
कनाडाई सुरक्षा खुफिया सेवा ने कहा, ’23 जून 1985 को कनाडा स्थित खालिस्तानी चरमपंथियों द्वारा लगाए गए बम से विमान में विस्फोट हो गया, जिससे विमान में सवार सभी लोग मारे गए. मारे गए लोगों में अधिकतर कनाडाई थे। यह कनाडा के इतिहास का सबसे घातक आतंकवादी हमला है और यह हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ है। उस समय सीएसआईएस का गठन हुए एक वर्ष से भी कम समय हुआ था। पिछले चार दशकों से, हम कनाडाई लोगों को राजनीतिक, धार्मिक और वैचारिक रूप से प्रेरित हिंसा से बचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
भारत ने आतंकवाद से लड़ने का संकल्प दोहराया
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार (23 जून 2026) को घटना की 41वीं बरसी पर एयर इंडिया 182 ‘कनिष्क’ बम विस्फोट में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि भारत सभी प्रकार के आतंकवाद से निपटने के अपने संकल्प को दोहराता है। कनाडा के प्रधान मंत्री मार्क कार्नी ने बमबारी को “कनाडाई इतिहास का सबसे भयानक हमला” बताया और कहा कि उनका देश सभी प्रकार के हिंसक चरमपंथ के खिलाफ खड़ा है।
यह भी पढ़ें: भारत-बांग्लादेश संबंध: बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान के सलाहकार पर ढाका का अड़ियल रुख, भारत के साथ और बढ़ सकता है तनाव






Leave a Reply