बांग्लादेश और चीन गुरुवार (25 जून 2026) को तीस्ता और अन्य नदियों के प्रबंधन में सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए। बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के मुताबिक, बीजिंग में मौजूद बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के साथ चीन के जल संसाधन मंत्री ली गुओयिंग की मुलाकात के दौरान यह सहमति बनी. बांग्लादेश के पीएम बनने के बाद तारिक रहमान अपनी पहली विदेश यात्रा पर मलेशिया गए. 22 जून को वह मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर से चीन के डालियान शहर पहुंचे, जहां उन्होंने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
तीस्ता नदी प्रबंधन को लेकर बनी सहमति
तारिक रहमान ने ली क्विंग के साथ बैठक के दौरान बांग्लादेश में नदियों से गाद निकालने के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की, जिसका उद्देश्य बाढ़ के खतरे को कम करना, पर्यावरण की रक्षा करना और जल संसाधनों का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करना है। बैठक के दौरान रहमान ने बांग्लादेश के जल संसाधन प्रबंधन में सुधार के लिए चीन से सहयोग मांगा। बांग्लादेशी प्रधान मंत्री ने तीस्ता प्रबंधन परियोजना के लिए चीन से तकनीकी सहायता भी मांगी। जवाब में, चीनी मंत्री ने जल संसाधन प्रबंधन में बांग्लादेश सरकार की पहल को पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
तारिक रहमान ने चीन से मांगी मदद
2005 में ढाका और बीजिंग के बीच हुए समझौते और पिछले साल चीनी जल विशेषज्ञों की बांग्लादेश यात्रा का जिक्र करते हुए ली क्विंग ने कहा कि जल संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग व्यावहारिक और शोध पर आधारित है. तारिक रहमान ने बांग्लादेश में नदी तट के कटाव को रोकने, सिंचाई प्रणालियों में सुधार और देश के भीतर जल परिवहन को बढ़ाने में भी चीन से मदद मांगी।
भारत-बांग्लादेश संबंधों में तीस्ता परियोजना संवेदनशील मुद्दा
बीएसएस के अनुसार, चीनी मंत्री ने कहा कि बांग्लादेश जल प्रबंधन के क्षेत्र में चीन के अनुभव से लाभान्वित हो सकता है और बांग्लादेशी जल विशेषज्ञों और संबंधित अधिकारियों को चीन में प्रशिक्षण लेने के लिए आमंत्रित किया। तीस्ता परियोजना भारत-बांग्लादेश संबंधों में एक संवेदनशील मुद्दा है। फरवरी में रहमान सरकार के सत्ता संभालने के बाद इन संबंधों में सुधार के संकेत मिले हैं. इससे पहले, मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार का संक्षिप्त कार्यकाल था, जिसके दौरान नई दिल्ली और ढाका के बीच संबंध खराब हो गए थे।
जब विदेश मंत्री खलीलुर रहमान ने पिछले महीने बीजिंग का दौरा किया, तो रहमान सरकार ने औपचारिक रूप से तीस्ता नदी पुनर्जीवन परियोजना के लिए चीन की भागीदारी और समर्थन मांगा। तीस्ता नदी पूर्वी हिमालय से निकलती है और सिक्किम और पश्चिम बंगाल से होते हुए बांग्लादेश में प्रवेश करती है जहाँ यह लाखों लोगों के लिए सिंचाई और आजीविका का मुख्य स्रोत है। चीन कई वर्षों से तीस्ता नदी के व्यापक प्रबंधन और पुनरुद्धार परियोजना को विकसित करने में रुचि दिखा रहा है।
यह प्रोजेक्ट चिकन नेक के पास है
यह परियोजना भारत के संवेदनशील सिलीगुड़ी कॉरिडोर (चिकन नेक) के पास स्थित है, जो मुख्य भूमि को उत्तर-पूर्वी राज्यों से जोड़ता है। इस पृष्ठभूमि में, भारत ने 2024 में तीस्ता बेसिन के लिए तकनीकी और संरक्षण सहायता की पेशकश की, जो सीमा पार नदियों के प्रबंधन पर ढाका के साथ सहयोग को गहरा करने के दिल्ली के प्रयासों को दर्शाता है। भारत और बांग्लादेश के संबंधों में जल वितरण एक महत्वपूर्ण मुद्दा रहा है। यह मुद्दा और भी महत्वपूर्ण हो गया है क्योंकि 1996 में भारत और बांग्लादेश के बीच गंगा नदी के पानी के बंटवारे (विशेषकर शुष्क मौसम के दौरान) पर 30 साल की संधि इस साल समाप्त होने वाली है।
यह भी पढ़ें: भारत-बांग्लादेश संबंध: बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान के सलाहकार पर ढाका का अड़ियल रुख, भारत के साथ और बढ़ सकता है तनाव






Leave a Reply