4 हार के बाद पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप में मिली पहली जीत, नीदरलैंड्स को 37 रन से हराकर बचाई लाज.

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार को पाकिस्तान ने अपने आखिरी लीग मैच में आखिरकार जीत का खाता खोल ही लिया. काउंटी ग्राउंड में खेले गए मैच में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 37 रन से जीत दर्ज की. पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में सिर्फ 126 रन बनाए थे. जवाब में नीदरलैंड्स ने तूफानी शुरुआत की, लेकिन पावरप्ले के बाद पाकिस्तान के गेंदबाजों ने पासा पलट दिया. पाकिस्तान 37 रन से जीता.

‘ग्रुप-ए’ की अंक तालिका में पाकिस्तानी टीम 5 में से 1 मैच जीतकर पांचवें स्थान पर रही, जबकि नीदरलैंड्स सभी पांच मैच हारकर 6 टीमों के ग्रुप में सबसे निचले स्थान पर रही। पाकिस्तान अपना पहला मैच भारत के खिलाफ 64 रन से हार गया था, जिसके बाद उसे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद पाकिस्तान बांग्लादेश से 23 रन और ऑस्ट्रेलिया से 113 रन से मैच हार गया.

शनिवार को ब्रिस्टल में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 6 विकेट खोकर 126 रन बनाए. इस टीम को महज 15 के स्कोर पर मुनीबा अली (12) के रूप में झटका लगा. इसके बाद आयशा जफर ने दूसरे विकेट के लिए गुल फिरोजा के साथ 61 गेंदों में 79 रनों की साझेदारी की. आयशा 29 गेंदों में 1 छक्का और 2 चौकों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद गुल फिरोजा ने मोर्चा संभाला, लेकिन दूसरे छोर पर कोई उनका साथ नहीं दे सका. फिरोजा 52 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 63 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहीं. विपक्षी खेमे से आइरिस ज़विलिंग ने 19 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि हीथर सीगर्स, हन्ना लैंडहीर, कैरोलिन डी लैंग और सिल्वर सीगर्स ने 1-1 विकेट लिया।

आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम 18 ओवर में सिर्फ 89 रन पर सिमट गई. हीथर सीजर्स और फोबे मोल्केनबोएर की सलामी जोड़ी ने इस टीम को सधी हुई शुरुआत दी. दोनों खिलाड़ियों ने 3.3 ओवर में 31 रन की साझेदारी की. हीथर 16 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि मोल्केनबोएर टीम के खाते में 8 रनों का ही योगदान दे सके. यहां से कप्तान बैबेट डी लीडे (30) ने मोर्चा संभाला, लेकिन अगले छोर पर कोई उनका साथ नहीं दे सका.

पाकिस्तान के लिए कप्तान फातिमा सना ने सिर्फ 12 रन देकर 3 विकेट लिए. ये तीन विकेट 18वें ओवर में लिए गए. इनके अलावा आयशा जफर ने 13 रन देकर 3 विकेट लिए. डायना बेग और नाशरा संधू ने 1-1 विकेट लिया।

ये भी पढ़ें-

इन 5 खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है मुंबई इंडियंस, लिस्ट में तमाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सितारे शामिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *