टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा आंकड़ा पार करते हुए इंग्लैंड की एक टीम ने 417 रन बोर्ड पर लगा दिए. इस दौरान एक बल्लेबाज ने दोहरा शतक भी जड़ा. ये कारनामा इंग्लैंड की एक क्लब टीम ने किया है. टीम की ओर से पारी में 47 छक्के और 22 चौके लगे. दोहरा शतक पूरा करने वाले खिलाड़ी का स्कोर 206 रन था.
आपको बता दें कि फिलहाल टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के नाम है. अक्टूबर 2024 में गाम्बिया के खिलाफ खेले गए मैच में जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में कुल 344/4 रन बोर्ड पर लगाए थे. घरेलू टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड बड़ौदा के नाम है, जिसने दिसंबर 2024 में सिक्किम के खिलाफ 20 ओवर में 349/5 रन बनाए थे. लेकिन अब यह आंकड़ा 400 के पार पहुंच गया है. तो आइए जानते हैं कि यह चमत्कार किस मैच में हुआ था.
07 जुलाई को इंग्लैंड के डंबलटन क्रिकेट क्लब ने प्रीमियर वन टॉप टियर डिवीजन में हर्डल रेडिंग्स के खिलाफ मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 2 विकेट के नुकसान पर 417 रन बनाए। टीम के लिए ओपनर इवान गेज ने शानदार पारी खेली और 55 गेंदों में 13 चौकों और 23 छक्कों की मदद से 206 रन बनाए. इसके अलावा डेन हॉलैंड ने 37 गेंदों में 122 रनों की पारी खेली.
रन चेज़ के लिए मैदान पर उतरी हर्डली रेडिंग्स की टीम 229 रन पर ढेर हो गई. टीम के लिए ब्लूमफील्ड ने 48 गेंदों में 6 चौकों और 12 छक्कों की मदद से 109 रन बनाए, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत की रेखा पार नहीं करा सकी. डम्बलटन ने यह मैच 188 रनों से जीत लिया। इस तरह यह ऐतिहासिक मैच संपन्न हुआ.
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 400 रन का आंकड़ा कब पार होता है. फिलहाल 350 रन का पहला आंकड़ा पार करना बाकी है. वहीं, दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग आईपीएल में भी अभी तक 300 रन का आंकड़ा पार नहीं हो सका है. फिलहाल आईपीएल का सबसे बड़ा टोटल 287 रन है.
यह भी पढ़ें: अक्षर पटेल का खास शतक, ऐसा करने वाले बने 5वें भारतीय; बोले- कभी सोचा नहीं






Leave a Reply