भारतीय क्रिकेट को एक और युवा सितारा मिल गया है. महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींचा. उन्होंने तीन मैचों की सीरीज में 196.10 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 151 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया। भारत की 3-0 की क्लीन स्वीप जीत में वैभव का योगदान सबसे अहम रहा. इस दौरे पर उन्होंने कई ऐसे रिकॉर्ड अपने नाम किए, जिन्हें क्रिकेट इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
1. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी
सीरीज के पहले ही मैच में वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया. उन्होंने महज 15 साल और 118 दिन की उम्र में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक जड़कर दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया. इससे पहले यह उपलब्धि नेपाल के कुशल मल्ला के नाम दर्ज थी।
2. अपने 16वें जन्मदिन से पहले दो T20I अर्धशतक बनाने वाले पहले खिलाड़ी
तीसरे टी20 मैच में वैभव ने 49 गेंदों में 81 रन की विस्फोटक पारी खेली. इसके साथ ही वह 16 साल की उम्र से पहले पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दो अर्धशतक बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। इतनी कम उम्र में ये उपलब्धि हासिल करना अपने आप में बेहद खास है.
3. सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना भारतीय रिकॉर्ड टूटा
वैभव के पहले T20I अर्धशतक ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सबसे खास बना दिया। उन्होंने भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड बनाया. इससे पहले यह रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम था, जो करीब 37 साल तक कायम रहा.
4. पूर्ण सदस्य देश का अनोखा रिकॉर्ड
क्रिकेट के इतिहास में एसोसिएट देशों के कुछ खिलाड़ियों ने कम उम्र में शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन वैभव सूर्यवंशी 16 साल की उम्र से पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक से अधिक अर्धशतक लगाने वाले आईसीसी पूर्ण सदस्य देश के लिए खेलने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं।
5. सबसे कम उम्र के ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ बने
वैभव सूर्यवंशी ने तीन मैचों में 151 रन बनाकर न सिर्फ भारत को सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए. यह उपलब्धि उनके शानदार भविष्य की ओर साफ इशारा करती है।
ये भी पढ़ें- क्या अभिषेक शर्मा की जगह संजू सैमसन को टी20 में मौका मिलना चाहिए? आंकड़ों में जानिए जवाब
गौरव का स्वर्णिम भविष्य
जिम्बाब्वे दौरा न केवल वैभव सूर्यवंशी के लिए एक सफल सीरीज साबित हुआ बल्कि भारतीय क्रिकेट में उनके उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत भी साबित हुई। जिस आत्मविश्वास, आक्रामक बल्लेबाजी और निरंतरता के साथ उन्होंने प्रदर्शन किया उससे यह स्पष्ट हो गया कि वह आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में से एक हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें- कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: पीएम मोदी ने मीराबाई चानू को गोल्ड की हैट्रिक लगाने पर बधाई दी.






Leave a Reply