News4Life

Life Changing News & Views

आकाश यादव ने केस दर्ज कराया तो तेज प्रताप की पहली प्रतिक्रिया, ‘मैं साफ कर देना चाहता हूं कि…’

आकाश यादव ने तेज प्रताप और उनके पीए मोतीलाल यादव के खिलाफ कोर्ट में केस दर्ज कराया है. उन पर जबरन घर में घुसने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है. इसी बीच अब तेज प्रताप यादव की प्रतिक्रिया आई है. गुरुवार (जून 18, 2026) को जब मामला सामने आया तो तेज प्रताप यादव ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट किया.

तेज प्रताप ने आकाश का नाम लिए बिना अपने पोस्ट में लिखा, ‘यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस व्यक्ति को उनके अभद्र, अपमानजनक, धमकी भरे और असामाजिक व्यवहार के संबंध में विधिवत कानूनी नोटिस भेजा गया था, उसने अपनी गलती स्वीकार करने या खेद व्यक्त करने के बजाय प्रतिशोध की भावना से मेरे खिलाफ झूठी और मनगढ़ंत एफआईआर दर्ज करने की कोशिश की है.’

‘कोई मुझे कमजोरी न समझे’

उन्होंने कहा, “यह स्पष्ट रूप से मेरी सार्वजनिक छवि, सामाजिक प्रतिष्ठा और वर्षों से अर्जित जनता के विश्वास को धूमिल करने का एक सुनियोजित प्रयास प्रतीत होता है। मैं सार्वजनिक जीवन से जुड़ा व्यक्ति हूं और मैंने हमेशा कानून, मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान किया है। लेकिन किसी को भी मेरी पहुंच, विनम्रता और लोगों से जुड़े रहने की प्रवृत्ति को मेरी कमजोरी नहीं समझना चाहिए। सार्वजनिक जीवन में रहने का मतलब यह नहीं है कि मैं अशिष्टता, झूठ, चरित्र हनन या कानून का दुरुपयोग बर्दाश्त करूंगा।”

यह भी पढ़ें- तेज प्रताप के खिलाफ कोर्ट पहुंचे अनुष्का के भाई आकाश यादव, लॉरेंस बिश्नोई का भी आया नाम

तेज प्रताप ने कहा कि मैं इस तरह के दुर्भावनापूर्ण, भ्रामक और तथ्यहीन कार्यों की कड़ी निंदा करता हूं. कानून का दुरुपयोग कर झूठी कहानियां बनाना न केवल न्याय व्यवस्था का अपमान है, बल्कि सच्चाई और नैतिकता पर भी सीधा हमला है।

तेज प्रताप ने न्यायपालिका, कानून और संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा जताते हुए कहा, “तथ्यों और सबूतों के आधार पर सच्चाई सामने आएगी और हर झूठ का पर्दाफाश होगा। साथ ही, जो भी मेरे सम्मान, प्रतिष्ठा और सार्वजनिक विश्वास को नुकसान पहुंचाएगा, उसके खिलाफ उपलब्ध सभी कानूनी उपायों का उपयोग करके मैं सख्त से सख्त कार्रवाई करूंगा।”

‘मैं किसी तरह के दबाव में आने वाला हूं’

उन्होंने कहा, “सच को किसी सबूत की जरूरत नहीं होती, लेकिन झूठ को बार-बार समर्थन ढूंढ़ना पड़ता है। मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि न तो मैं किसी दबाव में आने वाला हूं, न ही झूठे आरोपों और दुष्प्रचार से विचलित होने वाला हूं। मेरी प्रतिबद्धता सत्य, न्याय और जनता के विश्वास के प्रति है और मैं इसकी रक्षा के लिए हर कानूनी कदम उठाऊंगा। मैं झूठ, भय और साजिश के आगे कभी नहीं झुका हूं और न ही झुकूंगा। सत्य की जीत निश्चित है।”

यह भी पढ़ें- राजद में रहकर बहन अनुष्का के लिए लड़ी लड़ाई, कौन हैं तेज प्रताप के खिलाफ कोर्ट जाने वाले आकाश यादव?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *