बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में कथित पुलिस मुठभेड़ में युवक भरत तिवारी की मौत पर सवाल उठ रहे हैं. इस बीच इस मामले की न्यायिक जांच कराने का फैसला लिया गया है. इसकी जानकारी खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी है. इसकी जांच हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज करेंगे.
सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, न्यायिक जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जांच की जाए.
भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौती गांव में 17.06.2026 को हुई पुलिस मुठभेड़ की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच के लिए उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराने का निर्णय लिया गया है. न्यायिक जांच का उद्देश्य निष्पक्षता सुनिश्चित करना है और…
– सम्राट चौधरी (@samrat4bjp) 20 जून, 2026
शाहपुर थानाध्यक्ष और 4 पुलिसकर्मी निलंबित
आपको बता दें कि भोजपुर जिले में मुठभेड़ का कथित वीडियो सामने आने के बाद बिहार पुलिस पहले ही शाहपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार मालाकार समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर चुकी है. वीडियो में युवक भरत तिवारी पुलिसकर्मियों पर पिस्तौल ताने नजर आ रहा है. पुलिसकर्मियों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप है.
क्या है पुलिस का तर्क?
पुलिस का कहना है कि बुधवार (17 जून) को युवक भारत भूषण तिवारी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने भी फायरिंग की. इस दौरान तिवारी को गोली लग गयी और वह गंभीर रूप से घायल हो गये. बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर सियासत तेज!
भोजपुर में पुलिस मुठभेड़ में भरत तिवारी की मौत पर सियासत जारी है. सत्ता पक्ष से जुड़े नेता भी इस एनकाउंटर पर सवाल उठा रहे हैं. जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने शनिवार (20 जून) को भोजपुर मुठभेड़ में एक युवक की मौत को लेकर कहा कि इस घटना को लेकर जो वीडियो सामने आया है, वह निश्चित रूप से संदेह पैदा करता है. राज्य सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया लेकिन यह पर्याप्त नहीं है.
वहीं, बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी सवाल उठाए और कहा कि अगर मृतक विक्षिप्त था और उसने आखिरकार अपना हथियार फेंक दिया था, तो इस बात की जांच की जाएगी कि किन परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों ने मुठभेड़ को अंजाम दिया.
बिहार समाचार: भोजपुर के भारत भूषण तिवारी मुठभेड़ मामले में नया मोड़, प्रदर्शनकारियों और परिवार के सदस्यों पर भी एफआईआर





Leave a Reply