क्रिकेट जगत ने हाल ही में अपने सबसे महान ऑलराउंडरों में से एक सर गैरी सोबर्स को खो दिया है। 89 साल की उम्र में उन्होंने बारबाडोस स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली. क्रिकेट वेस्टइंडीज ने उनके निधन की पुष्टि की और सोशल मीडिया पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी. बोर्ड ने लिखा, ‘एक बेहतरीन पारी का अंत हुआ. सर गारफील्ड सोबर्स हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगे। अपने शानदार करियर के दौरान सोबर्स ने कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जिसने उन्हें क्रिकेट के इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में शामिल कर दिया. वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने, जबकि टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम उम्र में तिहरा शतक बनाने का रिकॉर्ड आज भी उनके नाम पर है।
20 साल तक वेस्टइंडीज की सबसे बड़ी ताकत थी
28 जुलाई 1936 को ब्रिजटाउन, बारबाडोस में जन्मे सर गैरी सोबर्स ने 1954 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया। बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के अलावा वह बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी भी करते थे। 1954 से 1974 तक उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 93 टेस्ट मैचों की 160 पारियों में 26 शतक और 30 अर्धशतक की मदद से 8032 रन बनाए. इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 365 रन रहा. उन्होंने गेंद के साथ 235 विकेट भी लिए. उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए एक वनडे मैच भी खेला, जिसमें उन्होंने एक विकेट लिया.
एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज
गेंदबाज के तौर पर करियर की शुरुआत करने वाले सोबर्स ने बाद में बल्लेबाजी से भी दुनिया को चौंका दिया. साल 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 365 रन बनाकर उन्होंने उस समय टेस्ट क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया था. बाद में इस रिकॉर्ड को 1994 में ब्रायन लारा ने तोड़ा। इसके अलावा उन्होंने नॉटिंघमशायर के लिए खेलते हुए ग्लैमरगन के गेंदबाज मैल्कम नैश के एक ओवर में लगातार छह छक्के लगाए थे। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज बने।
21 साल की उम्र में तिहरा शतक जड़कर बनाया रिकॉर्ड
सर गैरी सोबर्स ने महज 21 साल 213 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया था. वह टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए। इस दौरान उन्होंने डॉन ब्रैडमैन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। खास बात ये है कि उनका ये रिकॉर्ड आज भी कायम है.
ये भी पढ़ें- फ़ॉकलैंड बैनर विवाद पर व्हाइट हाउस की एंट्री, अब FIFA ले सकता है बड़ा एक्शन
आईसीसी का सबसे बड़ा सम्मान उनके नाम पर दिया जाता है
सर गैरी सोबर्स के सम्मान में आईसीसी हर साल पुरुष क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को ‘सर गारफील्ड सोबर्स अवॉर्ड’ से सम्मानित करती है. यह पुरस्कार पूरे साल तीनों प्रारूपों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है। क्रिकेट में उनके असाधारण योगदान को देखते हुए वर्ष 1975 में उन्हें नाइटहुड की उपाधि से भी सम्मानित किया गया।
ये भी पढ़ें- वर्ल्ड कप जीतने पर मिलेगा दोगुना इनाम, पहली बार मेडल के साथ चैंपियनशिप रिंग भी देगी फीफा






Leave a Reply