बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की ढाका लौटने की योजना के बीच भारत ने मंगलवार (14 जुलाई) को सधी हुई प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस मुद्दे पर उसके रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। अगस्त 2024 में बड़े पैमाने पर सरकार विरोधी आंदोलन के बाद अपनी सरकार के पतन के बीच हसीना (78) ढाका छोड़कर भारत चली गई थीं और तब से भारत में रह रही हैं।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले हफ्ते हसीना के करीबी सूत्रों ने कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री अपनी अवामी लीग पार्टी को फिर से सक्रिय करने के उद्देश्य से स्वेच्छा से ढाका लौटने की तैयारी कर रही हैं. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, ‘इस मामले पर हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं आया है. प्रत्यर्पण से जुड़ा कोई भी मामला कानूनी मामला है और उससे उसी के अनुसार निपटा जाएगा।
2024 बांग्लादेश की अदालत ने हसीना को मौत की सज़ा सुनाई
पिछले साल नवंबर में, ढाका की एक विशेष अदालत ने 2024 में छात्रों के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शनों पर सरकार की कथित क्रूर कार्रवाई पर ‘मानवता के खिलाफ अपराध’ के आरोप में शेख हसीना को मौत की सजा सुनाई थी।
फैसले के बाद से बांग्लादेश लगातार कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए शेख हसीना के भारत से प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है। इस बीच, अवामी लीग की प्रचार उप-समिति के सदस्य काजी नसीम रूपक ने शुक्रवार को कहा, ‘हम सभी अपने नेता का स्वागत करने के लिए तैयार हैं।’
आपको बता दें कि बांग्लादेश ने शेख हसीना की वापसी की योजना का स्वागत किया है. ढाका ने कहा है कि शेख हसीना को अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए न्यायिक प्रक्रिया से गुजरना होगा. प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार जाहिदुर रहमान ने हसीना से दुनिया का सबसे अच्छा वकील अपने साथ लाने को कहा है.
यह भी पढ़ें: ‘क्रॉस्ड होर्मुज…’, परिवार को किया मैसेज और फिर ईरान ने किया मिसाइल हमला, भारतीय शख्स की मौत






Leave a Reply