News4Life

Life Changing News & Views

IND A vs AFG A: वैभव सूर्यवंशी के कैच पर हंगामा, अंपायर के फैसले से नाराज अफगानिस्तान A टीम

भारत ए और अफगानिस्तान ए के बीच त्रिकोणीय सीरीज के अहम मुकाबले में शुरुआत से ही रोमांच के साथ-साथ विवाद भी देखने को मिला. भारतीय पारी के दूसरे ओवर में एक कैच को लेकर ऐसा ड्रामा हुआ कि अफगानिस्तान ए के खिलाड़ी मैदान पर ही अंपायरों से बहस करने लगे. मामला युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से जुड़ा था, जिन्हें थर्ड अंपायर ने नॉट आउट करार दिया था। अफगानिस्तान की टीम इस फैसले से बिल्कुल भी सहमत नहीं दिखी. टॉस हारकर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी. यह विवाद पारी के दूसरे ओवर में सामने आया. शम्स उर रहमान की गेंद पर वैभव सूर्यवंशी ने प्वाइंट की ओर कट शॉट खेलने की कोशिश की. गेंद हवा में गई और वहां तैनात फील्डर फरीदून ने बड़ी फुर्ती दिखाते हुए अपनी बाईं ओर गोता लगाया और एक हाथ से मुश्किल कैच पकड़ लिया.

पहली नजर में ये कैच पूरी तरह से वैध नजर आया. हालांकि, मैदानी अंपायरों ने तुरंत फैसला देने की बजाय तीसरे अंपायर की मदद लेने का फैसला किया.

रिप्ले देखने के बाद आया फैसला

थर्ड अंपायर ने कई एंगल से रीप्ले देखने के बाद यह फैसला दिया. रीप्ले से पता चला कि जब फ़रीदून ज़मीन पर गिरा तो गेंद का कुछ हिस्सा घास के संपर्क में आ गया था। इस आधार पर तीसरे अंपायर ने कैच को वैध नहीं माना और वैभव सूर्यवंशी को नॉटआउट करार दिया. यह फैसला आते ही अफगानिस्तान ए के खिलाड़ी हैरान रह गए. उन्हें विश्वास था कि फ़रीदून ने गेंद पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा था और कैच स्पष्ट रूप से लिया गया था।

खिलाड़ी अंपायरों से बहस करने लगे

तीसरे अंपायर के फैसले के बाद अफगानिस्तान ए के खिलाड़ियों ने मैदान पर ही अपना विरोध दर्ज कराया. कई खिलाड़ी अंपायरों के पास पहुंचे और फैसले पर सवाल उठाने लगे. मैदान पर कुछ देर तक बहस का माहौल रहा. हालांकि बाद में खेल दोबारा शुरू हुआ लेकिन अफगानिस्तान की टीम इस फैसले से साफ तौर पर नाराज दिखी.

श्रीलंका ए मैच में भी वैभव विवादों में रहे थे

इस ट्राई सीरीज में वैभव सूर्यवंशी का नाम पहली बार किसी विवाद से नहीं जुड़ा है. इससे पहले वह श्रीलंका ए के खिलाफ मैच में भी सुर्खियों में रहे थे. उस मैच के बाद श्रीलंका ए के खिलाड़ियों और वैभव के बीच तीखी बहस हुई थी, जो बाद में हाथापाई तक पहुंच गई थी. उस घटना को लेकर काफी चर्चा हुई थी और मैच रेफरी ने भी मामले की समीक्षा की थी.

ये भी पढ़ें- ARG vs ALG हाइलाइट्स: गोल, गोल, गोल…मेसी की शानदार हैट्रिक, अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को 3-0 से हराया

जीवनदान मिलने के बाद उम्मीदें बढ़ गईं

अफगानिस्तान ए के खिलाफ मैच में इस जीवनदान के बाद वैभव सूर्यवंशी को बड़ी पारी खेलने का मौका मिला. भारतीय टीम को उम्मीद होगी कि युवा बल्लेबाज इस मौके का पूरा फायदा उठाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाए.

ये भी पढ़ें- जो रूट रिकॉर्ड: बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी कमाल, जो रूट के इस रिकॉर्ड के आगे फीके हैं विराट-गिल

वहीं इस फैसले से एक बार फिर अंपायरिंग को लेकर बहस छिड़ गई है. सोशल मीडिया पर भी फैंस अलग-अलग राय रखते नजर आए. कुछ लोगों ने थर्ड अंपायर के फैसले का समर्थन किया, जबकि कई दर्शकों का मानना ​​था कि फरीदून का कैच पूरी तरह से वैध था और वैभव को आउट दिया जाना चाहिए था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *