‘तेजस्वी को कोई गंभीरता से नहीं लेता’, बीजेपी का अल्टीमेटम पर हमला

बिहार में छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. छात्रों की रिहाई और केस वापसी को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव द्वारा सरकार को दिए गए अल्टीमेटम पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने तीखा पलटवार किया है.

उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव बेवजह इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि निर्दोष छात्रों को राहत मिलेगी और उपद्रवियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

सीएम सम्राट चौधरी ने वापस लिए छात्रों के केस, तेजस्वी यादव बोले- ‘हमने सरकार से कहा…’

‘उपद्रवियों ने छात्र आंदोलन को हाईजैक कर लिया’

संजय सरावगी ने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन के दौरान कुछ आपराधिक तत्व भी भीड़ में शामिल हो गये थे. उन्होंने कहा कि इन लोगों ने पुलिस पर हमला किया, हिंसा फैलाई और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की. ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

‘तेजस्वी को उनकी पार्टी भी गंभीरता से नहीं लेती’

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने तेजस्वी यादव पर निजी हमला करते हुए कहा कि उन्हें न तो जनता गंभीरता से लेती है और न ही उनकी अपनी पार्टी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब विधानसभा का सत्र चलता है तो तेजस्वी गायब रहते हैं, उपचुनाव के दौरान भी नजर नहीं आते और जैसे ही चुनाव आता है तो अचानक सक्रिय हो जाते हैं और बयानबाजी शुरू कर देते हैं. उन्होंने उन्हें ”मौसमी नेता” बताया और कहा कि वह कुछ दिनों बाद फिर विदेश जाएंगे.

एफआईआर वापस होगी, लेकिन उपद्रवी बचेंगे नहीं

संजय सरावगी ने कहा कि दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के बाद केंद्र सरकार के स्तर पर बातचीत हुई. इसके बाद सामान्य मामलों में जिन छात्रों पर एफआईआर दर्ज है उन्हें वापस लेने और गिरफ्तार छात्रों को रिहा करने की प्रक्रिया चल रही है. हालांकि उन्होंने दोहराया कि हिंसा, तोड़फोड़ और पुलिस पर हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और उन्हें कोई राहत नहीं मिलेगी.

‘सरकार नहीं झुकी, राजद श्रेय लेने की कोशिश कर रहा है’

बीजेपी नेता ने राजद के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि तेजस्वी यादव के अल्टीमेटम के बाद सरकार झुक गई. उन्होंने कहा कि यह दावा पूरी तरह से राजनीतिक है. सरकार अपने स्तर पर कानून और तथ्यों के आधार पर फैसले ले रही है. उन्होंने कहा कि राजद इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता सब देख रही है.

सम्राट सरकार का बड़ा फैसला, 11 प्रमुख स्थानों की सुरक्षा बीएसएपी को सौंपी गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *