बिहार में बड़े पैमाने पर आईएएस का ट्रांसफर हुआ है. सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से गुरुवार (18 जून 2026) को अधिसूचना जारी की गई. सूची के मुताबिक भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 21 अधिकारियों का तबादला किया गया है.
सरकार के अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश के तहत पटना, नालंदा, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बांका, पूर्वी चंपारण, रोहतास और गोपालगंज समेत कई महत्वपूर्ण जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) को बदल दिया गया है. कई प्रमुख विभागों के सचिवों और बोर्ड अध्यक्षों की जिम्मेदारियों में भी फेरबदल किया गया है.
आनंद किशोर को मिली बड़ी जिम्मेदारी
नए आदेश के तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) के अध्यक्ष आनंद किशोर को अब पूर्ण रूप से पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है. अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल चोंग्थू को संसदीय कार्य विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है.
पटना के डीएम बीएसईबी के नये अध्यक्ष हैं
वहीं सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहेल को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव की जिम्मेदारी दी गई है, वे सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव और जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे. सबसे बड़ा बदलाव राजधानी में देखने को मिला है, जहां पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम को अब बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, इसके साथ ही उन्हें स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है. उनकी जगह नालन्दा (बिहारशरीफ) के जिलाधिकारी कुन्दन कुमार को पटना का नया जिलाधिकारी एवं जिलाधिकारी बनाया गया है।
इसी क्रम में खगड़िया के डीएम नवीन कुमार को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में विशेष सचिव के पद पर भेजा गया है, जहां वे प्रभारी सचिव (निषेध), प्रभारी सचिव (सूचना एवं जनसंपर्क विभाग) और बिहार राज्य पेय पदार्थ निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (एमडी) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे.
इस व्यवस्था से अजय यादव और चन्द्रशेखर सिंह जैसे अधिकारी अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जायेंगे. मुजफ्फरपुर के डीएम सुब्रत कुमार सेन का तबादला कर उन्हें बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमआईसीएल) का प्रबंध निदेशक (एमडी) बनाया गया है, जिससे अमित कुमार पांडे अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जायेंगे. राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर कार्यपालक निदेशक कुमार गौरव को मुजफ्फरपुर के नये जिलाधिकारी के रूप में कमान सौंपी गयी है.
जहानाबाद के डीएम को भेजा गया भागलपुर
सामाजिक सुरक्षा निदेशक धर्मेंद्र कुमार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड का अध्यक्ष बनाया गया है. स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव चिरिद वाई भूटिया को जहानाबाद का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि जहानाबाद की वर्तमान डीएम अलंकृता पांडे को भागलपुर के जिलाधिकारी के पद पर स्थानांतरित किया गया है.
रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह को अब नालंदा (बिहारशरीफ) का नया जिलाधिकारी बनाया गया है. पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के डीएम सौरभ जोरवाल को राहुल कुमार को इस प्रभार से मुक्त करते हुए साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया गया है। अब नये जिलाधिकारी के रूप में कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव को पूर्वी चंपारण भेजा गया है और उनके जाने से रिक्त हुए कृषि निदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार वित्त विभाग के विशेष सचिव मुकेश कुमार लाल को दिया गया है.
यह भी पढ़ें- सम्राट सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 27 आईपीएस का ट्रांसफर, विक्रम सिहाग बने सहरसा के एसपी
निबंधन महानिरीक्षक सह उत्पाद आयुक्त अंशुल अग्रवाल को बांका जिले का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है. कॉम्फेड के प्रबंध निदेशक समीर सौरभ को गोपालगंज का नया जिलाधिकारी और बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक नवीन कुमार को किशनगंज का नया जिलाधिकारी बनाया गया है. प्राथमिक शिक्षा निदेशक विक्रम वीरकर अब खगड़िया के नये जिलाधिकारी होंगे, जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय के संयुक्त सचिव दीपक कुमार मिश्रा को रोहतास (सासाराम) का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है.
जहानाबाद की डीडीसी डॉ. प्रीति को एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) का निदेशक बनाया गया है, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है. इसके अलावा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी चंद्रिमा अत्री को समाज कल्याण विभाग का नया निदेशक नियुक्त किया गया है.
यह भी पढ़ें- आकाश यादव ने केस दर्ज कराया तो तेज प्रताप की पहली प्रतिक्रिया, ‘मैं साफ कर देना चाहता हूं कि…’





Leave a Reply